बिहार के सुपौल जिले से सोमवार को दिनदहाड़े युवक के अपहरण और फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के पास स्टेट हाईवे-91 (SH-91) पर हुई। बताया जा रहा है कि कार सवार बदमाशों ने बाइक से जा रहे एक युवक को पहले टक्कर मारी और उसके सड़क पर गिरते ही फिल्मी स्टाइल में उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।
कार सवार बदमाशों ने की फायरिंग
इस दौरान ग्रामीणों ने बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें खदेड़ने की कोशिश की तो कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों की भीड़ और अफरातफरी के बीच गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दे रही है।
किडनैप हुए युवक की हुई पहचान
हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। किडनैप हुए युवक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जीशान खान के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बदमाशों ने चलाई चार राउंड की गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोहम्मद जीशान खान बाइक से SH-91 पर जा रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठाया और वहां से फरार होने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने जब इसका विरोध किया और बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो फायरिंग शुरू कर दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल एसपी शरथ आर एस भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि भीमपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को कुछ अपराधकर्मियों द्वारा चार पहिया वाहन में बैठाकर ले जाने की सूचना मिली है। इस दौरान फायरिंग की सूचना भी प्राप्त हुई है। पुलिस लगातार इस मामले में छापेमारी कर रही है। चार से पांच पुलिस टीमें युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं।
पुलिस ने आसपास के इलाके में बढ़ाई गतिविधियां
एसपी के अनुसार, एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस किडनैप हुए युवक मोहम्मद जीशान खान की सकुशल बरामदगी और वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने पर है। घटना के बाद से बेलागंज और आसपास के इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
भागलपुर में वायरल हुआ युवक-युवतियों को घेरने का वीडियो, SSP ने दी मामले की पूरी जानकारी