1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. DM ऑफिस के सामने युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने दौड़कर बचाई जान

DM ऑफिस के सामने युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने दौड़कर बचाई जान

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 28, 2026 03:49 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 03:50 pm IST

फतेहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में 28 सितंबर को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक DM कार्यालय के सामने पहुंचा और खुद पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की।

Fatehpur- India TV Hindi
DM ऑफिस के सामने युवक ने आत्मदाह का किया प्रयास Image Source : REPORTER INPUT

फतेहपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में 28 सितंबर को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक DM ऑफिस के सामने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश करने लगा। युवक ने आग लगाने के लिए माचिस निकाल ली थी, लेकिन इससे पहले ही सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से माचिस छीन ली। समय रहते हुई इस कार्रवाई से युवक आग लगाने में कामयाब नहीं हो सका।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। युवक की पहचान धाता थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा गांव निवासी बृजेश कुमार आजाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भीम आर्मी भारत एकता मिशन का खागा विधानसभा अध्यक्ष है।

सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से बची युवक की जान

बृजेश कुमार का आरोप है कि वह पिछले करीब 3 साल से अपने भाई की हत्या और जमीन से जुड़े विवाद को लेकर न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा था। बताया गया कि युवक एक काले रंग के झोले में प्लास्टिक के डिब्बे में डीजल लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचा। इसके बाद वह DM निधि गुप्ता वत्स के कार्यालय के सामने गया और खुद पर डीजल उड़ेल लिया। जैसे ही उसने माचिस जलाने की कोशिश की, सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया।

भाई की हत्या के मामले में समझौते का आरोप

बृजेश के मुताबिक, साल 2023 में उसके भाई श्याम कुमार की हत्या हुई थी। इस मामले में मुकदमे की अंतिम गवाही पूरी हो चुकी है और अब फैसले का इंतजार है। उसका आरोप है कि मुकदमे में समझौता करने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इसी विवाद को लेकर उसने मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।

युवक ने गांव के महेंद्र पटेल पर आरोप लगाया कि मुकदमे में सुलह कराने के दबाव के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और 35 हजार रुपये भी छीन लिए गए। बृजेश का यह भी आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि वह चाहे DM-SP से शिकायत करे या कहीं और जाए, उसका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। बृजेश ने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद जब उसकी सुनवाई नहीं हुई तो वह बेहद परेशान हो गया था। इसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

(रिपोर्ट: उमेश चन्द्रा)

यह भी पढ़ें:

प्रयागराज में ट्रेन पलटाने की साजिश? DFC ट्रैक पर रखी 7 फीट लंबी लोहे की रेलिंग, टकराया इंजन

प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने निकाली जिंदा बेटी की 'शव यात्रा', तेरहवीं की भी तैयारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।