1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. "किसी को आना है तो हमारी पार्टी में शामिल हो जाओ", अजित गुट के साथ मर्जर पर शरद पवार का बड़ा बयान

"किसी को आना है तो हमारी पार्टी में शामिल हो जाओ", अजित गुट के साथ मर्जर पर शरद पवार का बड़ा बयान

 Reported By: Sameer Bhise,  Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 28, 2026 02:32 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 03:00 pm IST

अजित पवार गुट के साथ विलय पर शरद पवार ने अपनी पार्टी का रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को हमारे साथ आना है तो हमारी पार्टी में शामिल हो जाओ।

Sharad Pawar- India TV Hindi
शरद पवार Image Source : PTI

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने पार्टी की बैठक में अजित पवार गुट के NCP के साथ संभावित विलय और एनडीए के साथ जाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। शरद पवार ने कहा कि उनकी पार्टी किसी के साथ नहीं जाएगी, बल्कि अपनी पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देगी।

शरद पवार ने कहा कि उनकी पार्टी के बारे में कई तरह की चर्चाएं शुरू हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) का नेतृत्व वह कर रहे हैं, वह एक सेक्युलर पार्टी है। उन्होंने कहा, "अगर किसी को हमारे साथ आना है तो सिर्फ हमारे नजदीक मत आओ, बल्कि हमारी पार्टी में शामिल हो जाओ। हम किसी के साथ नहीं जाएंगे। हम अपनी पार्टी को मजबूत करेंगे।"

"रोबोट और AI से बदले जा सकते हैं चुनावी नतीजे"

पार्टी की बैठक में शरद पवार ने भविष्य के चुनावी नतीजों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रोबोट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है। शरद पवार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में तकनीक का इस्तेमाल किस तरह हो सकता है, यह अब दिखाई देने लगा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि रोबोट और AI का इस्तेमाल इस तरह भी किया जा सकता है कि चुनाव के नतीजे कैसे होने चाहिए या उन नतीजों को किस तरह बदला जाए, इसे प्रभावित किया जा सके।

पहले भी विलय की अटकलों को किया था खारिज

इससे पहले भी शरद पवार ने NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को खारिज किया था। दोनों गुटों के एक साथ आने को लेकर पूछे गए सवाल पर शरद पवार ने कहा था, "इसका कोई मतलब नहीं है।" NCP (शरदचंद्र पवार) के नेताओं की ओर से पहले दावा किया गया था कि एनसीपी के तत्कालीन प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार दोनों गुटों के विलय के पक्ष में थे। इससे पहले भी एक बयान में शरद पवार ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था, "अतीत में जरूर मेरे दिवंगत भतीजे अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब ऐसी कोई बात नहीं है।" बता दें कि अजित पवार की जनवरी में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

ये भी पढ़ें-

उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव की घटना, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; शहरभर में अलर्ट

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में Statehood प्रस्ताव को लेकर हंगामा, BJP-कांग्रेस विधायक को मार्शल बुलाकर किया गया बाहर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।