राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र की राजनीति और पवार परिवार में चल रही उथल-पुथल पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए शरद पवार ने कहा कि वर्तमान में NCP के दोनों गुटों (NCP-SP और NCP) के विलय को लेकर कोई नई चर्चा नहीं हो रही है।
शरद पवार ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि दोनों गुट फिर से एक हो सकते हैं। उन्होंने कहा,"अतीत में जरूर मेरे दिवंगत भतीजे अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब ऐसी कोई बात नहीं है।"
हाल ही में सुनील तटकरे ने भी स्वीकार किया था कि अजित पवार के जीवित रहते विलय की संभावनाओं पर विचार हुआ था, लेकिन उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनकी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) के साथ ही बनी रहेगी।
बारामती उपचुनाव, कांग्रेस के चुनाव लड़ने का समर्थन
28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद खाली हुई बारामती विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल को उपचुनाव होने हैं। इस चुनाव को लेकर पवार परिवार और महायुति (सत्तारूढ़ गठबंधन) में दरार साफ दिख रही है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। शरद पवार ने कहा कि उनके परिवार ने अजित पवार की मौत के शोक के कारण कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है, लेकिन उन्होंने कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी उतारे जाने का समर्थन किया।
ये भी पढ़ें-
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की कोशिश नाकाम, सभापति ने महाभियोग के प्रस्ताव को किया खारिज
"5 दिन से घर से लापता था", दिल्ली विधानसभा में घुसने वाले आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे