Anil Agarwal in Aap Ki Adalat: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने ‘आप की अदालत’ में इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। अपने इस खास इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी, कारोबार, पैसा कमाने की सोच, भारत में निवेश और युवाओं के लिए मौजूद अवसरों पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे 50 साल पहले ही उन्होंने समझ लिया था कि कारोबार करने के लिए ‘ड्रेस और एड्रेस’ अच्छा होना चाहिए।
'युवाओं के लिए भारत में बड़े अवसर'
रजत शर्मा के सवालों के जवाब देते हुए अनिल अग्रवाल ने कहा कि भारत अब आगे बढ़ने के लिए तैयार है और यहां युवाओं के लिए जबरदस्त अवसर हैं। उनके मुताबिक, अगर नौजवान मेहनत करें तो करोड़पति बन सकते हैं। उन्होंने ‘आप की अदालत’ में सफल बिजनेसमैन बनने और संपत्ति बनाने से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें लोगों का दिल जीतना आता है और उन्होंने लंदन में कमाई करने के बाद भारत में निवेश किया।
‘मुझे पैसे से बहुत प्यार है’
बिजनेस और पैसे को लेकर अनिल अग्रवाल ने बेबाक अंदाज में कहा कि उन्हें पैसे से बहुत प्यार है। उन्होंने कहा कि उन्हें वह जगह पसंद है जहां पैसा बनता है और वह मौसम पसंद है जहां कमाई होती है। उन्होंने कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों का अधिग्रहण किया। उनके मुताबिक, जिन कंपनियों को उन्होंने करीब साढ़े 400 करोड़ रुपये में खरीदा था, उन्हें 2 लाख करोड़ रुपये की कंपनी बना दिया।
खनिज से बनाई 4 लाख करोड़ की संपत्ति
अनिल अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने धरती के गर्भ से खनिज पदार्थ निकालकर कारोबार खड़ा किया और करीब 4 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। बातचीत के दौरान रजत शर्मा ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने भारत को क्या दिया। इस सवाल पर अनिल अग्रवाल ने अपने कारोबार और भारत के प्रति अपनी भूमिका से जुड़े कई पहलुओं पर बात की। ‘आप की अदालत’ में अनिल अग्रवाल ने युवाओं को सफल कारोबारी बनने और संपत्ति बनाने से जुड़े अपने अनुभव बताए। पूरे कार्यक्रम में ऑडियंस उनके जवाबों को गौर से सुनती दिखी है और जमकर तालियां बजाई है।