1. Hindi News
  2. बिहार
  3. झारखंड से आई बारात में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट, 7 घायल; दूल्हे ने शादी से किया इनकार

झारखंड से आई बारात में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट, 7 घायल; दूल्हे ने शादी से किया इनकार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 28, 2026 05:32 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 05:32 pm IST

बिहार के बाढ़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक बारात पर हमला कर दिया। इस हमले में सात बाराती घायल हो गए हैं। घटना के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। हालांकि काफी देर तक मनौवल के बाद शादी की रस्में पूरी की गईं।

काफी मनौवल के बाद पूरी हुई शादी की रस्में।- India TV Hindi
काफी मनौवल के बाद पूरी हुई शादी की रस्में। Image Source : REPORTER INPUT

बाढ़: बिहार के बाढ़ इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां झारखंड से आए बारातियों के साथ कुछ असासाजिक तत्वों ने मारपीट कर दी। इसके बाद बारातियों में आक्रोश देखा गया। दूल्हे भी ने शादी से इनकार कर दिया। हालांकि दूल्हे के द्वारा शादी से इनकार करने पर दुल्हान पक्ष में हड़कंप मच गया। इसके बाद दुल्हन पक्ष की ओर से काफी मान-मनौवल की गई। पुलिस की टीम को भी बुलाया गया। काफी देर तक समझाइश करने के बाद दूल्हे को वापस मंडप में लाया गया और शादी संपन्न हुई। मारपीट की घटना में सात लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।  

बाहर से आए लोगों ने की मारपीट

दरअसल, पूरा मामला बाढ़ रेलवे स्टेशन के पास दयाचक मोहल्ले का है। यहां झारखंड से आई बारात के साथ कुछ लोगों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। इस घटना में 7 बाराती घायल हो गये। इस घटना के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हे को मनाने में दुल्हन पक्ष और पुलिस के पसीने छूट गये। बताया जा रहा है कि बारात बोकारो के सेक्टर-9 से आई थी। बारात निकल रही थी और लोग डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। तभी अचानक कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में घुस आए। उन्होंने बारातियों के साथ बदसलूकी की और फिर देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे।

देर तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा

फिलहाल सभी घायलों को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खून-खराबा देखकर दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने घंटों तक काफी समझाया। लड़की पक्ष के लोग अस्पताल भी पहुंच गए और मंडप की जगह अस्पताल परिसर में ही शादी का दबाव बनाने लगे। कभी मंदिर में शादी की चर्चा होती, तो कभी सड़क पर हंगामा होता रहा। स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय प्रशासन और अस्पताल के डॉक्टरों ने मोर्चा संभाला। दोनों पक्षों को काफी देर तक समझाया-बुझाया गया फिर पुलिस के सहयोग से दूल्हे को वापस मंडप में लाया गया। इसके बाद जल्दबाजी में जयमाला और सिंदूरदान की रस्में पूरी की गईं। शादी की रस्में पूरी करने के बाद बारात बोकारो रवाना हुई। (इनपुट- विकास कुमार)

यह भी पढ़ें-

चिकन करी बनाने को लेकर हुआ विवाद, पत्नी ने हंसिये से हमला कर की पति की हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।