1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, लेकिन कोर्ट ने रख दी शर्त

राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, लेकिन कोर्ट ने रख दी शर्त

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Apr 28, 2026 04:29 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 04:58 pm IST

देश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। शिलांग की कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को जमानत देते हुए कुछ कड़ी शर्त भी रखी है।

raja raghuvanshi wife sonam gets bail- India TV Hindi
राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम को मिली जमानत। Image Source : REPORTER

देश में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राजा की हत्या की मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की कोर्ट से जमानत मिल गई है। हालांकि, कोर्ट ने जमानत देते हुए शर्त रखी है कि सोनम रघुवंशी जमानत में शिलांग छोड़कर नहीं जा सकती। सोनम को हर रोज थाने में जाकर हाजिरी लगानी होगी। बता दें कि बीते साल मई महीने में मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने के लिए गए राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी।

शिलांग की जेल में बंद थी सोनम

राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी शिलांग की जेल में बंद थी। शिलांग पुलिस ने सोनम सहित आठ लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। मामले में तीन लोगों को पूर्व में मिल जमानत चुकी है। बीते साल 9 जून को सोनम रघुवंशी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से हिरासत में लिया था। आपको बता दें कि पिछले साल मई महीने में राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई थी। दोनों ही मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने के लिए इंदौर से रवाना हुए थे। कुछ दिनों तक लापता रहने के बाद राजा का शव 2 जून को शिलांग की घाटी में मिला था। 

गहरी खाई में मिला था राजा का शव

दरअसल, राजा रघुवंशी मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला व्यवसायी था। राजा और सोनम शादी के बाद हनीमून के लिए 21 मई को शिलांग आए थे। इसके बाद 26 मई को दंपति के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्हें खोजने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। कई दिनों तक गहरी खोज के बाद, राजा रघुवंशी का शव 2 जून को सोहरा में प्रसिद्ध वेई सावडोंग झरने के पास, उम्बलई के अरलियांग रियात कुनोन्ग्रिम में एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। 

क्यों की गई थी राजा की हत्या?

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। दोनों ने साथ मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, राजा की हत्या सोनम की मौजूदगी में आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी के द्वारा की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। (रिपोर्ट: भरत पाटिल)

 

ये भी पढ़ें- राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम और राज की आशिकी और फिर हत्या..जानें 790 पेज की चार्जशीट में क्या क्या है?

इंदौर में दशहरे पर ‘शूर्पणखा दहन’, पुतले पर सोनम की तस्वीर, राजा रघुवंशी का परिवार होगा शामिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत