1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में दशहरे पर ‘शूर्पणखा दहन’, पुतले पर सोनम की तस्वीर, राजा रघुवंशी का परिवार होगा शामिल

इंदौर में दशहरे पर ‘शूर्पणखा दहन’, पुतले पर सोनम की तस्वीर, राजा रघुवंशी का परिवार होगा शामिल

 Published : Sep 25, 2025 09:10 pm IST,  Updated : Sep 25, 2025 09:10 pm IST

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने ‘शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम के पुतले पर घर की बहू सोनम की तस्वीर लगाए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, पौराणिक पात्र शूर्पणखा की तरह सोनम ने भी गलती की थी।

सोनम रघुवंशी और राजा...- India TV Hindi
सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी का पोस्टर (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI (FILE PHOTO)

देश में दशहरे पर रावण के पुतले का दहन किया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के इंदौर में पुरुषों के अधिकारों के लिए काम करने वाली एक संस्था असत्य पर सत्य की विजय के इस त्योहार पर ‘शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम की तैयारी कर रही है। इस अनूठे कार्यक्रम के लिए 11 सिरों वाला पुतला तैयार किया जा रहा है। पुतले पर अपने ट्रांसपोर्टर पति राजा रघुवंशी के हत्याकांड में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी और इसी तरह की जघन्य वारदातों में शामिल होने के आरोपों का सामना कर रही 10 अन्य कुख्यात महिलाओं के चित्र लगाये लगाये जा रहे हैं।

इंदौर में बदली दशहरे की परंपरा

‘शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम का आयोजन शहर की संस्था पौरुष (पीपुल अगेंस्ट अनइक्वल रूल्स यूज्ड टू शेल्टर हैरेसमेंट) ने किया है। उसके प्रमुख अशोक दशोरा ने बताया, ‘‘हम दशहरे पर पुतले के रूप में अब तक रावण के अहंकार का दहन करते आए हैं, लेकिन हमने सोचा है कि इस बार हम 11 सिर वाले पुतले के तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति वाली महिलाओं के दुराचार और संस्कारहीनता का प्रतीकस्वरूप दहन करें।’’

पेशे से वकील दशोरा ने बताया कि 11 सिर वाले पुतले पर उन कुख्यात महिलाओं के चित्र लगाए गए हैं जिन पर अपने पति या बच्चे या ससुराल वालों की जघन्य हत्या के आरोप हैं। दशोरा ने बताया कि इस पुतले के बीच वाले सिर पर सोनम रघुवंशी का चित्र लगाया गया है। सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह समेत आठ लोगों को इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोनम के पति राजा मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे। उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था।

किन 11 महिलाओं की लगेगी तस्वीर?

सोनम रघुवंशी के अलावा मेरठ की मुस्कान, मेरठ की रविता, फिरोजाबाद की शशि, बेंगलुरु की सूचना सेठ, देवास की हंसा, राजस्थान की हर्षा, जौनपुर की निकिता सिंघानिया, दिल्ली की सुष्मिता, मुंबई की चमन उर्फ गुड़िया और औरेया की प्रियंका की फोटो दिखेगी। संस्था ‘पौरुष’ के प्रमुख दशोरा ने बताया कि ‘शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम के पुतले पर मेरठ की मुस्कान रस्तोगी का भी चित्र लगाया गया है। रस्तोगी पर अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति और मर्चेंट नेवी के पूर्व अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या करने और उनके शव को काटकर सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपाने का आरोप है।

राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने क्या कहा?

इस बीच राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने ‘शूर्पणखा दहन’ कार्यक्रम के पुतले पर घर की बहू सोनम की तस्वीर लगाए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा,‘‘पौराणिक पात्र शूर्पणखा की तरह सोनम ने भी गलती की थी। दशहरे पर शूर्पणखा दहन कार्यक्रम में मेरा पूरा परिवार शामिल होगा।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

राजा रघुवंशी वाले हनीमून मर्डर पर बनेगी फिल्म, नाम हुआ फाइनल, अब बड़े पर्दे पर खुलेगी सोनम रघुवंशी की बेवफाई

सौरभ हत्याकांड: जेल में बंद मुस्कान और साहिल के बीच मनमुटाव, बोलचाल बंद; सामने आई ये वजह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।