मध्य प्रदेश मुरैना जिला जेल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेल के उप अधीक्षक सुनीत कुमार शर्मा को कथित तौर पर फरार डकैत कल्ली गुर्जर ने व्हाट्सऐप कॉल कर धमकी दी। कॉल में जेल अधिकारी को उनके जेल में बंद भाइयों को लेकर धमकाया गया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और देर शाम सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कल्ली गुर्जर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दोपहर में आया व्हाट्सऐप कॉल
शिकायत के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:49 बजे उप अधीक्षक सुनीत कुमार शर्मा के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को कल्ली गुर्जर बताया। आरोप है कि उसने जेल में बंद अपने भाइयों की बैरक बदले जाने को लेकर अधिकारी से सवाल किया और धमकी दी कि अगर उनके साथ किसी तरह की सख्ती की गई या उन्हें दूसरी जेल भेजा गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बातचीत के दौरान फोन करने वाले ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना से परेशान जेल अधिकारी ने मामले की जानकारी जिले के संबंधित अधिकारियों और जेल के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद शाम करीब सात बजे पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।
जेल में बंद हैं कल्ली के तीन भाई
पुलिस के मुताबिक कल्ली गुर्जर के तीन भाई अलग-अलग मामलों में मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस की कार्रवाई के बाद मुरैना जिला जेल में बंद हैं। जेल प्रशासन के अनुसार, तीनों बंदियों को जेल के नियमों के तहत अलग व्यवस्था में रखा गया है। इसी व्यवस्था को लेकर कल्ली की ओर से कथित तौर पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही थी। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कल्ली के कुछ रिश्तेदारों के माध्यम से उसके भाइयों को एक साथ रखने की कोशिश की जा रही थी। जब यह संभव नहीं हुआ तो जेल अधिकारी को कथित धमकी दी गई।
चंबल इलाके में तलाश जारी
पुलिस के अनुसार सरायछौला थाना क्षेत्र के बरवासिन गांव का रहने वाला कल्ली गुर्जर लंबे समय से फरार है। उस पर मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर समेत चंबल संभाग के अलग-अलग जिलों में आपराधिक मामलों से जुड़े होने के आरोप हैं। राजस्थान के धौलपुर में भी उसके खिलाफ मामले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार कल्ली के भाई भी पहले उसके साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उसके एक भाई बंटी गुर्जर की हत्या के बाद बदला लेने की बात भी सामने आती रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस की ओर से कल्ली पर करीब 60 हजार रुपये का इनाम घोषित होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस बोली- आरोपी की तलाश तेज करेंगे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्रपाल सिंह डाबर ने बताया कि जेल अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और फरार आरोपी की तलाश के प्रयास तेज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द हिरासत में लेने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
उपेन्द्र गौतम की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन, 30 हजार का इनामी मनीष लोधी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली