1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 2021 चुनाव में ममता बनर्जी ने पैर टूटने का किया था नाटक, CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा जांच करेंगे

2021 चुनाव में ममता बनर्जी ने पैर टूटने का किया था नाटक, CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा जांच करेंगे

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 03, 2026 06:09 pm IST,  Updated : Oct 03, 2026 07:01 pm IST

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि 2021 में चुनाव के दौरान ममता बनर्जी ने पैर टूटने का नाटक किया था। सीएम ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी।

सीएम सुवेंदु अधिकारी ने ममता पर लगाए आरोप।- India TV Hindi
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने ममता पर लगाए आरोप। Image Source : ANI

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान पैर की चोट का 'नाटक' किया था। उन्होंने कहा कि सरकार उनके 'झूठे दावों' की जांच करेगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह 9 अक्टूबर के बाद अपने आरोपों के बारे में और जानकारी देंगे, क्योंकि नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनावों के कारण MCC (आदर्श आचार संहिता) अभी भी लागू है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "ममता बनर्जी ने 2021 में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान पैर की चोट का नाटक किया था।" "हमारे पास मेडिकल रिपोर्ट है जिसमें कहा गया है कि फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने का कोई सबूत नहीं था। हम इस मामले की जांच शुरू करेंगे।"

TMC ने सीएम के दावों को खारिज किया

वहीं TMC विधायक कुणाल घोष ने सीएम शुभेंदु अधिकारी के आरोपों पर निशाना साधते हुए उन्हें खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी दावा कर सकते हैं क्योंकि अभी राज्य में उनकी सरकार है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री को यह किसने बताया कि पट्टी की ज़रूरत तभी होती है जब फ्रैक्चर हो? अगर कोई बुरी तरह घायल हो या चोट फ्रैक्चर जैसी हो, तब भी पट्टी की ज़रूरत पड़ती है। और उन्हें कैसे यकीन है कि फ्रैक्चर नहीं था? वह सरकार चलाते हैं और कोई भी दावा कर सकते हैं।"

2021 में बनर्जी के पैर में चोट

दरअसल, तीन बार मुख्यमंत्री रहीं ममता बनर्जी को 10 मार्च, 2021 को नंदीग्राम के बिरुलिया इलाके के रेयापारा में चुनाव प्रचार के दौरान बाएं पैर में चोट लग गई थी। शुरू में, उन्होंने दावा किया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें धक्का दिया था, जिससे वह अपनी कार के खुले दरवाजे से टकरा गईं और उनके बाएं पैर में चोट लग गई। बाद में, उन्होंने एक वीडियो जारी किया और कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भारी भीड़ ने उन्हें धक्का दिया था। उन्हें SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पता चला कि उनके बाएं टखने और पैर की हड्डी और लिगामेंट में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद बाद ममता बनर्जी को व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार करते देखा गया। इसके बाद, TMC ने 2021 के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की और 210 से ज़्यादा सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सिर्फ़ 77 सीटों पर जीत पाई। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल विधानसभा स्पीकर रथिंद्र बोस अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत के बाद लाए गए हॉस्पिटल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।