जम्मू: पाकिस्तानी सेना ने पांच सितंबर को भी पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिसमें सेना के एक जवान की मौत हो गई और 4 लोग घायल हुए हैं। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने 4 सितंबर को जम्मू जिले के आर एस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी चौकियों पर दो बार गोलीबारी की और मोर्टार के दो गोले दागे।
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने तीन सितंबर को पुंछ मंे नियंत्रण रेखा के भिम्बर गली को निशाना बनाया था और दो सितंबर को कृष्णा घाटी क्षेत्र में हमला किया था। उन्होंने एक सितंबर को एक फॉरवर्ड डिफेंस लोकेशन (FDL) पर गोलीबारी की थी ।
भारतीय सैन्य बलों ने इन हमलों का प्रभावी तरीके से जवाब देते हुए उपयुक्त कार्रवाई की थी।
पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए संघर्षविराम उल्लंघन में पिछले महीने दो जवानों समेत 11 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।
पाकिस्तान ने इस साल अब तक सीमा पर संघर्ष विराम का 250 से अधिक बार उल्लंघन किया है जिनमें से 57 बार उल्लंघन की घटनाएं अगस्त के महीने में हुई ।
एक रक्षा प्रवक्ता ने आज बताया कि पाकिस्तानी सैन्य बलों ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए कल रात साढे 11 बजे अग्रिम चौकियों पर मोर्टार, रॉकेट चालित ग्रेनेड (RPG) और स्वचालित हथियारों से हमला करना शुरू किया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वचालित और छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने 82 एमएम मोर्टार के गोले और RPG दागे। गोले असैन्य इलाकों में भी गिरे।
प्रवक्ता ने कहा, सेना ने प्रभावशाली जवाबी कार्रवाई की जिसके कारण दोनों ओर से गोलीबारी हुई जो इलाके से ताजा रिपोर्ट आने तक जारी थी।
उन्होंने बताया कि इस हमले में भारत की सीमा में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भारत और पाकिस्तान के सीमा सुरक्षा बलों के बीच नौ सितंबर को होने वाली महानिदेशक स्तर की वार्ताओं से पहले इस साल सितंबर में पाकिस्तानी सैनिकों ने आठ बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है।
घुसपैठ और स्नाइपर हमलों समेत जम्मू-कश्मीर में संघर्ष विराम उल्लंघन कुछ ऐसे प्रमुख मुद्दे हैं, जो भारत पांच दिवसीय वार्ताओं के दौरान पाकिस्तान के समक्ष उठा सकता है।
Latest India News