मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के अहियापुर थाना अंतर्गत झपहा गांव के समीप आज एक बस और एक ऑटोरिक्शा की सीधी टक्कर में ऑटोरिक्शा पर सवार 10 लोगों की मौत हो गयी। जबकि 6 यात्री घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर सीआरपीएफ कैंप के पास सीतामढी से पटना जा रही एक बस और एक ऑटोरिक्शा के बीच हुई टक्कर में मरने वालों में तीन बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। मृतक बच्चों में एक महीने से 2 साल आयु वर्ग के हैं।
उन्होंने बताया कि मृतकों में 9 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत इलाज के क्रम में अस्पताल में हो गयी। विवेक ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त बस ने असंतुलित होकर झपहा गांव के समीप एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी।
Latest India News