नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सोमवार को पद्म पुरस्कारों का एलान कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए कुल 118 हस्तियों को चुना गया है।
अभिनेता रजनीकांत, मीडिया दिग्गज रामोजी राव, जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जगमोहन, यामिनी कृष्णमूर्ति, गिरिजा देवी और आध्यात्मिक गुरू श्री श्री रवि शंकर समेत 10 लोगों को पद्म विभूषण से नवाजा जाएगा। वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम, अभिनेता अजय देवगन और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को पद्म श्री मिलेगा।
खेल के पद्म पुरस्कारों में महिला खिलाड़ियों का दबदबा
इस बार खेलों के पद्म पुरस्कारों में महिला खिलाडि़यों ने दबदबा बनाया है। जहां टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को पदम भूषण वहीं तीरंदाज दीपिका कुमारी को पदम श्री के लिये चुना गया है। इन तीनों ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया और अपने-अपने खेलों में देश का गौरव बढ़ाया।
सानिया ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फार्म दिखायी और पिछले साल स्विस स्टार मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर दो ग्रैंडस्लैम सहित कुल नौ खिताब जीते। अपने शानदार प्रदर्शन से वह डब्ल्यूटीए युगल रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में कामयाब रही।
दीपिका ने तीरंदाजी विश्व कप फाइनल में रजत पदक तथा विश्व कप के दूसरे चरण और एशियाई टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते। इक्कीस वर्षीय दीपिका ने लक्ष्मीरानी माझी और रिमी बुरूली के साथ विश्व चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता है।
साइना अभी सैयद मोहदी ग्रां प्री गोल्ड टूर्नामेंट खेलने के लिये देश में है और उन्होंने कहा कि इस सम्मान से वह हैरान हैं। दिलचस्प बात है कि इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल पुरस्कार नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की थी।
Latest India News