1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में संदिग्ध हालत में 10 की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका

बिहार में संदिग्ध हालत में 10 की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका

बिहार के गोपालगंज जिले में संदिग्ध हालत में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं।

bihar- India TV Hindi
bihar

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में संदिग्ध हालत में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। इस घटना के पीछे जहरीली शराब पीना वजह बताई जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन हालांकि इस बात से इनकार कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, गोपालगंज जिले में संदिग्ध परिस्थिति में 10 लोगों की मौत हो गई है। कुछ पीड़ित लोगों को इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है।

गोपालगंज के जिलाधिकारी राहुल कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अभी तक 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि एक अन्य पीड़ित का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जहरीली शराब पीने से मौत की घटना के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजहों के सही कारणों का पता चल सकेगा।"

मृतक के परिजनों के मुताबिक, कई लोगों ने मंगलवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ में संचालित एक अवैध शराब भट्ठी से शराब पी थी और दोपहर के बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। सभी को सदर अपताल में भर्ती कराया गया जहां मंगलवार देर रात तक सात जबकि बुधवार तड़के तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक नगर थाना के नोनिया टोली, पुरानी चौक, हरखुआ के रहने वाले हैं जबकि एक और मृतक उचकागांव थाना के दहिभाता का निवासी है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को इन सभी लोगों को पेट दर्द और उल्टी हुई थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि बिहार में अप्रैल महीने से सभी प्रकार की शराबा बिक्री और इसके सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Latest India News