श्रीनगर: कश्मीर में करीब 200 आतंकवादी सक्रिय हैं जिनमें से एक तिहाई विदेशी हैं लेकिन सुरक्षा बल हिंसा की घटनाओं पर नजर रख रहे हैं। यह बात आज यहां सीआरपीएफ ने कही और बताया कि स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक एस के भगत ने यहां संवाददाताओं से कहा, अलग-अलग अनुमान हैं (घाटी में आतंकवादियों की संख्या के बारे में) लेकिन विदेशी और स्थानीय आतंकवादियों का मिश्रण है और इस वक्त यह संख्या बहुत ज्यादा नहीं है। करीब 200 आतंकवादी हो सकते हैं जिनमें से एक तिहाई विदेशी आतंकवादी हो सकते हैं।
सीआरपीएफ के पासिंग आउट परेड में यहां संवाददाताओं से बात करते हुए भगत ने कहा कि सर्दी शुरू होने से पहले आतंकवादियों के सीमा पार करने की घटना में बढ़ोतरी होने लगती है।
उन्होंने कहा कि यह कई वर्षों से होता रहा है और सुरक्षा बल काफी संख्या में आतंकवादियों को मार गिराने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल में सीआरपीएफ के काफिले पर गोलीबारी हुई थी जिसमें कम से कम छह कर्मी जख्मी हो गए थे। अगले दिन विशेष अभियान समूह के सहयोग से सीआरपीएफ दो आतंकवादियों को मार गिराने में सफल रहा था। अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष घाटी में सीआरपीएफ के सहयोग से 40 आतंकवादियों को मार गिराया गया।
Latest India News