नई दिल्ली: नेताजी सुभाष चन्द्र बोस से जुड़ी फाइलों को गोपनीयता सूची से हटाने के अभियान के तहत और 25 फाइलों को आज सार्वजनिक किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया, 'संस्कृति मंत्री महेश शर्मा बोस से जुड़ी 25 फाइलों के अगले जत्थे को आज (शुक्रवार को) सार्वजनिक करेंगे।' पिछले महीने मंत्री ने गोपनीयता सूची से हटाई गई 50 फाइलों को सरकारी वेब पोर्टल 'डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट नेताजीपेपर्स डॉट जीओवी डॉट इन' पर सार्वजनिक किया था।
इसी तरह नेताजी की 119वीं जयंती के अवसर पर 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे जुड़ी करीब सौ फाइलें सार्वजनिक की थीं। पिछले वर्ष अक्तूबर में नेताजी के परिवार ने पीएम मोदी से मिलकर उनसे जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने का अनुरोध किया था।
दो फाइलें सार्वजनिक करेगा जापान
जापान ने इस साल के अंत तक नेताजी से जुड़ी दो फाइलें सार्वजनिक करने का आश्वासन भारत को दिया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया, जापान सरकार ने कहा है कि उसके पास नेताजी से जुड़ी पांच फाइलें हैं। इनमें से दो को जापान इस साल के अंत तक सार्वजनिक करेगा जबकि तीन अन्य के बारे में उसने कोई प्रतिबद्धता व्यक्त नहीं की है।
जापान की फाइलें नेताजी के जीवन के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य उजागर कर सकती हैं। गृह राज्य मंत्री ने बताया कि भारत ने कई देशों से नेताजी के जीवन से जुड़ी फाइलों के बारे में पूछा था। आस्ट्रिया, रूस और अमेरिका ने कहा है कि उनके यहां ऐसी कोई फाइल नहीं है। वहीं, ब्रिटेन ने स्वीकार किया है कि उसके यहां नेताजी से जुड़ी 62 फाइलें हैं। जर्मनी का भी कहना है कि उन्होंने नेताजी के बारे में सभी फाइलें सार्वजनिक कर दी हैं।
Latest India News