नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में दीपावली के मौके पर आग की मामूली घटनाओं को लेकर दमकल विभाग के पास 290 फोन कॉल आए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, दीपावली पर आग से संबंधित 290 घटनाएं हुयी। सभी घटनाएं मामूली थी। किसी बड़ी घटना की खबर नहीं मिली।
आधी रात के बाद आग की घटनाओं के 128 कॉल आए
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में ध्यरात्रि के बाद 128 कॉल आए। आपात स्थिति के लिए इंतजाम किये गए थे। उन्होंने बताया कि कल कितनी दमकल गाडि़यों का इस्तेमाल हुआ, इस बारे में आंकड़े इकट्ठा किये जा रहे हैं।
पिछले साल दमकलकर्मियों को मिली थी आग लगने की 220 सूचनाएं
दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, शाम छह बजे से रात नौ बजे के बीच सबसे ज्यादा पटाखे चलाए जाते हैं और इसी दौरान सबसे ज्यादा फोन कॉल आए। पिछले साल दमकल कर्मियों को 220 कॉल आए थे जबकि 2014 में इतने ही समय में 75 फोन कॉल आए थे। वर्ष 2012 में 50-55 फोन कॉल आए थे जबकि 2010 में 210 कॉल आए थे।
इस बार तंग इलाकों और बड़े बाज़ारों में तैनात थी दमकल की गाड़ियां
दिल्ली दमकल विभाग ने 56 दमकल केंद्रों के अलावा शहर के तंग इलाकों और महत्वपूर्ण बाजारों सहित 20 संवेदनशील जगहों पर दमकल गाडि़यों को तैनात किया था। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा के कुल 3,000 कर्मियों में करीब 1800 कर्मी ड्यूटी पर थे जबकि 175-180 दमकल गाडि़यों को काम पर लगाया गया।
Latest India News