अररिया: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन भवन से शुक्रवार को पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक दल ने तीन बम तथा यूरेनियम के कुछ पैकेट सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों की
सूचना के आधार पर किरकिचिया पंचायत के सामुदायिक भवन के सामने बन रहे कबीर मठ के सत्संग भवन से पुलिस ने तीन बम, यूरेनियम के कुछ पैकेट तथा कई संदिग्ध सामान बरामद किए हैं।
फारबिसगंज के थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, इस निर्माणाधीन भवन में कुछ संदिग्ध लोगों का आना-जाना था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
Latest India News