नई दिल्ली: पहलवान नरसिंह यादव के डोपिंग टेस्ट में फेल होने को लेकर पैदा विवाद के बीच केंद्र सरकार ने आज लोकसभा में बताया कि पिछले तीन सालों में डोपिंग के 311 मामले सामने आए हैं। खेल एवं युवा मामलों के मंत्री विजय गोयल ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-2015 के बीच राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी के डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के 311 मामले दर्ज किए गए। गोयल ने साथ ही बताया कि नाडा द्वारा संग्यान में लिए गए डोपिंग के मामलों में पिछले वर्षो के मुकाबले वर्ष 2014 में कमी आयी जबकि 2015 में इनमें वृद्धि देखी गयी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से 2015 के बीच की अवधि में कुल मिलाकर आठ एथलीट राज्य स्तरीय एथलीट चैम्पियनशिप में डोपिंग टेस्ट में सकारात्मक पाए गए। गोयल ने बताया कि इन एथलीटों को डोपिंग रोधी अनुशासन समिति ने नियमों के अनुसार खेलों में भाग लेने के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। उन्होंने साथ ही कहा कि डोपिंग तत्वों के विनिर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं पर नाडा का कोई कानूनी प्राधिकार नहीं है।
Latest India News