मल्कानगिरी (ओडिशा): ओडिशा के मल्कानगिरी जिले में आज एक खूंखार माओवादी दंपति सहित 5 कट्टर माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। दंपति हत्या, बारूदी सुरंग विस्फोटों, अपहरण और पुलिस पर हमले से जुड़े करीब 150 मामलों में संलिप्त था और उनके सिर पर नौ लाख लाख रुपए का इनाम था।
पुलिस उप महानिरीक्षक एस सैनी ने बताया कि पांचों माओवादियों ने कहा कि उन्होंने समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए आत्मसमर्पण किया क्योंकि उन्हें महसूस हुआ कि माओवादी आदिवासियों और गरीब लोगों को आतंकित कर रहे हैं।
सैनी के सामने आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में (ओडि़शा में माओवादियों के मल्कानगिरी और बाईपारीगुडा संभागों में सक्रिय) सुखदेव एवं उसकी पत्नी रूक्मिणी और (छत्तीसगढ़ के दरभा संभाग में सक्रिय) राजू सोढ़ी, देबा बेटी एवं लक्ष्मण मदकामी शामिल हैं। मल्कानगिरी के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु महापात्र ने कहा कि दंपति एक दशक से अधिक समय से सक्रिय था।
वहीं राजू, देबा बेटी और लक्ष्मण छत्तीसगढ़ के सुकमा और दूसरे इलाकों में बारूदी सुरंग विस्फोटों और पुलिस पर हमले सहित कई अपराधों में शामिल थे।
Latest India News