गाज़ियाबाद: गाज़ियाबाद के दीप्ति किडनैपिंग मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। देवेंद्र नाम का शख्स इस पूरी वारदात का मुख्य आरोपी है। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र काफी दिनों से दीप्ति का पीछा कर रहा था। खबरों के मुताबिक देवेंद्र दीप्ति से इकतरफा प्यार करता था। इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी लोग कुरूक्षेत्र के हैं। आरोपी देवेंद्र साइको है, काफी दिन से पीछा कर रहा था। ये भी खुलासा हुआ कि देवेंद्र ने दीप्ति का अपहरण उसे हवाला कारोबारी बताकर किया था। आरोपी देंवेद्र ने अपने साथियों को गुमराह किया और कहा कि उसके पास 10 करोड़ रुपए हो सकते हैं।
पुलिस पुछताछ में पता चला है कि देवेंद्र बीए पास है। हिटलर की आत्मकथा इसे याद है। वह अपने आपको चंगेज खान का शिष्य बताता है। वेस्टर्न हिस्ट्री के कई हीरो और विलेन से वह प्रभावित है। इसे लगता था कि वह लड़की को अगवा करके अपने प्यार का इजहार करेगा। लड़की मान जाएगी तो उसके साथ नेपाल में शिफ्ट हो जाएगा।
बता दें कि 24 वर्षीय दीप्ति शाम को गुड़गांव में स्थित स्नैपडील के ऑफिस से गाजियाबाद अपने घर के लिए निकली थी। रात करीब 8 बजे दीप्ति गाजियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन पर उतरी और हमेशा की तरह शेयरिंग ऑटो लेकर गाजियाबाद के बस स्टैंड की तरफ चल दी ,जहां से उसके पिता या भाई उसे अपने साथ घर ले जाते थे। ऑटो में बैठने के बाद दीप्ति ने अपने घर पर फोन किया और बताया कि वह रास्ते मे हैं। इसके बाद उसने बैंगलुरु में अपने दोस्त को फोन किया, जिसने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि ऑटो ड्राइवर दीप्ति को जबरन किसी दूसरी जगह ले जा रहा था और दीप्ति उसे ऐसा करने पर डांट रही थी। इसके बाद से दीप्ति का फोन बंद हो गया था।
Latest India News