लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, जनपद हरदोई के शाहाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार को 5 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 5 लोग घायल भी हुए हैं। मृतक पीलीभीत जनपद के निवासी थे।
यह परिवार कानपुर के मकनपुर में स्थित सैय्यद बदीउद्दीन जिंदा शाह मदार की दरगाह में जियारत के लिए जा रहा था। पीलीभीत के थाना संगोधी के नवनगव नाम के गांव से 2 वैगनआर कारों में 6-6 लोग सवार होकर कानपुर के मकनपुर की सैय्यद बदीउद्दीन जिंदा शाह मदार की दरगाह में जियारत के लिए जा रहे थे।
इनमें से आगे चल रही कार हरदोई-शाहजहांपुर रोड पर शाहाबाद के गांव ककरघटा के पास सामने से आ रहे टैंकर से भिड़ गई। यह भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि कार में सवार परवेज खान, मोहम्मद आरिफ एडवोकेट, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद दानिश और सरीफ (8) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तसनीम गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी वैगनआर भी पीछे से टैंकर में कराई, लेकिन उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन इन लोगों को भी काफी चोटें आई हैं। घायलों में तहजीब खान, नदीम खान, लाला खान, जावेद खान शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
Latest India News