जगदलपुर: छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने माओवादियों को विस्फोटक सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए, साढ़े 7 क्विंटल विस्फोटक बरामद किया है, जिसका बाजार मूल्य सवा 3 लाख रुपए आंका गया है। इस मामले में पुलिस ने 7 सप्लायरों को वाहन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस की निरंतर आक्रामक कार्रवाईयों से नक्सलियों का शहरी नेटवर्क छिन्न-भिन्न होता नजर आ रहा है। बस्तर आईजी एसआरपी कल्लूरी एवं एसपी अजय कुमार यादव ने बताया कि लम्बे समय से माओवादियों को विस्फोटक सप्लाई करने का एक शहरी नेटवर्क चल रहा था, जिस नेटवर्क को ब्रेक करने में पुलिस प्रयासरत थी। कुछ दिनों पूर्व यह जानकारी मिली कि जयपुर उड़ीसा का एक माईनिंग इंजीनियर कमलाकांत स्वाई का दरभा डिविजन कमेटी के मिलिट्री चीफ देवा के साथ संबंध है और कमलाकांत माओवादियों को विस्फोटक सप्लाई करता है, अविलंब एक कारगर योजना बनाई गई।
पुलिस द्वारा एक पाइंटर के माध्यम से कमलाकांत स्वाई से संपर्क कर बारूद की डिमांड की गई। कमलाकांत स्वाई द्वारा जानते हुए कि यह बारूद माओवादी अपने लिए इस्तेमाल करेंगे, उसने अपने एकाऊंट में पैसे एडवांस में जमा करने कहा, तब पाईंटर द्वारा कमलाकांत के खाते में 30 हजार रूपए जमा कर दिए गए। कमलाकांत ने डिलीविरी देने के लिए कुछ दिन का समय मांगा। डिलीवरी का स्थान निश्चित न होने के कारण जिला मुख्यालय स्तर पर थाना प्रभारी कोतवाली आशीष वासनिक को डिलीविरी लेने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि बीती शाम कमलाकांत ने फोन द्वारा डिलीवरी करने के लिए पाइंटर को पुराने उस स्थान पर डिलीवरी देने की बात कही। पाइंटर द्वारा इस बात को स्पष्ट करने के लिए जब पूछा गया तो, कमलाकांत ने दरभा पखनार रोड पर बीसपुर से कुडुमखोदरा के बीच सप्लाई करने की बात कही।
तयशुदा स्थान पर पुलिस ने अपना जाल बिछाया हुआ था, जैसे ही कमलाकांत और उसके तीन साथी माल डिलीवरी के लिए आए, उनकी घेराबंदी कर दबोच लिया गया। मौके पर एक बुलेरो पीकप एक्सप्लोजिव वेन, जिसमें 27 पेटी जिलेटीन, 1 बंडल कारडेक्स वायर, 8 नग छत्तीसगढ़ का फर्जी नंबर प्लेट एवं इंडिका कार से 3 पेटी जिलेटीन बरामद की गई। इस सिलसिले में कमलाकांत स्वाई जयपुर उड़ीसा, शंकर मोहंती सिमलीगुड़ा उड़ीसा, अनिल कुमार जेना सिमलीगुड़ा उड़ीसा एवं कुमार गोंडा कोरापुट उड़ीसा को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद 30 पेटी जिलेटीन का वजन 750 किलोग्राम एवं कीमत लगभग 1,80,000 रुपए है।
आरोपियों ने पूछताछ पर बताया कि नगरनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत माचकोट एवं तिरिया के बीच जंगल में 20 बोरी अमोनियम नाईट्रेट रखा हुआ है, जो कि माओवादियों को सप्लाई होना है। इस खबर की सूचना कोतवाली प्रभारी आशिष वासनिक द्वारा तत्काल नगरनार को दी गई। नगरनार पुलिस ने फौरन ही माचकोट-तिरिया क्षेत्र में सर्चकर एक झोपड़ीनुमा मकान के अंदर 20 बोरी अमोनियम बरामद कर लिया एवं तीन व्यक्ति राजेंद्र जयपुर उड़ीसा, उत्तम स्वाई जयपुर उड़ीसा, सुजीत पाणी बोरीगुमा उड़ीसा समेत मोटरसायकल बरामद की। बरामद सामान का कुल वजन 10 क्विंटल है, जिसकी कीमत लगभग 1,40,000 आंकी गई है।
Latest India News