नई दिल्ली: गया जिले में मंगलवार को एक शादी लोगों की दिलचस्पी का विषय बनी रही। दरअसल, यहां के सिविल कोर्ट में एक बेमेल जोड़ा कोर्ट मैरिज करने के लिए पहुंचा। इस दौरान लोग कोर्ट में अपना काम छोड़कर इस शादी को देखने के लिए रजिस्ट्रार के ऑफिस के बाहर जुट गए।
यहां जुटे लोगों ने मजेदार कमेंट्स भी किए, पर बूढ़े दूल्हे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। 70 साल के रामआशीष राय ने 20 साल की लड़की लक्ष्मी से मंगलवार को कोर्ट में शादी कर ली। इस मामले पर रामआशीष का कहना है की जब उनकी पत्नी का देहांत हुआ उसके बाद से घर बेटे और बहु का व्यवहार ही बदल गया और उन्हें दो वक्त की रोटी के लिए भी राह देखना पड़ता था।
अपने बहु-बेटे से तंग आकर रामआशीष ने शादी का फैसला किया और उन्होंने वजीरगंज की 20 साल की लक्ष्मी से शादी कर ली। फिलहाल इस शादी पर लड़की का कहना है की उसने अपने मर्जी से किया है। वहीं वकीलों ने भी कहा की इस शादी में दोनों की रजामंदी थी। यह भी माना जा रहा है की लड़की का परिवार काफी गरीब है और इस कारण उसे मज़बूरी में यह कदम उठाना पड़ा लेकिन इस शादी के जोड़े की चर्चा खूब हो रही है।
लक्ष्मी ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और शादी टूटने के बाद वह अपने बेटे को लेकर अपनी नानी के घर पर रह रही थी। लक्ष्मी ने बताया कि वह अपनी मर्जी से शादी कर रही है। उसने बताया कि परिवार की आर्थिक तंगी की वजह से अपने पिता की उम्र के व्यक्ति से शादी की। दोनों के वकील ने भी कन्फर्म किया कि शादी दोनों की रजामंदी से ही हुई।
Latest India News