नई दिल्ली: राजधानी में शुक्रवार को सम-विषम योजना के आठवें दिन कई हिस्सों से यात्रियों ने यातायात जाम की सूचना दी, और कहा कि जाम के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो गई। वाहन प्रतिबंध योजना के बावजूद, यहां सड़कों पर सुबह से वाहनों की भारी भीड़ देखी गई। एक महिला यात्री रश्मि ने कहा, "सुबह 11 बजे, मैं नोएडा की ओर जाने वाले महारानी बाग फ्लाईओवर के पास भारी यातायात में फंस गई।" कई अन्य यात्रियों के अनुसार, रिंग रोड पर आश्रम से लाजपत नगर के बीच भारी यातायात देखा गया, जहां वाहन कछुए की चाल चल रहे थे।
ऐसी ही स्थिति पूर्वी दिल्ली में लक्ष्मी नगर और अक्षरधाम चौराहे के बीच देखने को मिली, जहां सुबह साढ़े नौ बजे से सुबह साढ़े दस बजे तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कार्यालय समय के दौरान सावित्री फ्लाईओवर पर एक ट्रक के खराब हो जाने, और सफदरजंग अस्पताल के पास एक डीटीसी बस के बिगड़ जाने से चिराग दिल्ली से नेहरू प्लेस तक और दक्षिण दिल्ली में धौला कुआं से सफदरजंग अस्पताल के बीच यातायात जाम की स्थिति देखने को मिली।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह नौ बजे से सुबह साढ़े दस बजे तक कार्यालय समय के दौरान भारी यातायात की खबर मिली और अक्षरधाम के पास आईटीओ, महारानी बाग और नेहरू प्लेस में सुबह के समय भारी यातायात देखा गया।
गौरतलब है कि सम-विषम योजना का प्रथम चरण एक से 15 जनवरी तक लागू हुई थी। वहीं दूसरे चरण की सम-विषम योजना 15 अप्रैल से शुरू हुई है, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगी। इस योजना में सम तारीख पर सम संख्या वाले वाहन और विषम तारीख पर विषम संख्या के वाहन सड़कों पर चल सकते हैं।
Latest India News