1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बोर्ड परीक्षा में फेल 9 विद्यार्थियों ने खुदकुशी की

बोर्ड परीक्षा में फेल 9 विद्यार्थियों ने खुदकुशी की

मध्य प्रदेश में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा के नतीजे मनमाफिक न आने पर राज्य के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों की खुदकुशी के मामले सामने आए हैं। बीते दो दिनों में नौ विद्यार्थियों ने मौत को गले लगाया है।

STUDENT SUICIDE- India TV Hindi
STUDENT SUICIDE

भोपाल: मध्य प्रदेश में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा के नतीजे मनमाफिक न आने पर राज्य के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों की खुदकुशी के मामले सामने आए हैं। बीते दो दिनों में नौ विद्यार्थियों ने मौत को गले लगाया है। राज्य सरकार ने पिछले वर्षो के अनुभवों को ध्यान में रखकर बोर्ड परीक्षा में असफल रहने वाले विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष 'रुक जाना नहीं' योजना की शुरुआत की है। इसके तहत वे फेल विद्यार्थी दोबारा परीक्षा दे सकेंगे, जो फेल हो गए हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी छात्रों से लगातार अपील कर रहे हैं कि कोई भी परीक्षा अंतिम नहीं होती। वे अपना कर्तव्य करें, नतीजों पर ध्यान न दें। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आ रही सूचनाएं बता रही है कि बीते दो दिनों में नौ बच्चों ने खुदकुशी की है। पुलिस के मुताबिक, राजधानी के शाहजहानाबाद में एक छात्रा और बैरसिया में एक छात्र ने जान दे दी।

शाहजहानाबाद की नई बस्ती में रहने वाले रमेश सांधे की बेटी पूजा ने मंगलवार को घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बैरसिया के सुहाया गांव में मानसिंह पाल के बेटे राजेश ने सोमवार को जहर खाया और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। यह दोनों 10वीं की परीक्षा में फेल हो गए थे। सागर जिले के जैसीनगर क्षेत्र के छोटे लाल रजक के बेटे प्रवीण की सप्लीमेंटरी आई।

इसके बाद प्रवीण गुमसुम रहा और मंगलवार को उसका शव पेड़ से लटका मिला। डिंडोरी जिले के सरसीगांव की कुजन मानिकपुरी ने 12वीं की परीक्षा में फेल होने पर फांसी लगाकर जान दे दी। रीवा जिले के गुड़ थाना क्षेत्र के हर्दी-लालगांव में परीक्षा में फेल होने पर कामना पटेल ने खुद पर मिट्टी का तेज डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई है।

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र से भी छात्र की खुदकुशी की खबर आई है। यहां के हनुमान नगर निवासी अजय गिरी के बेटे राहुल ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसी तरह छतरपुर जिले के हरपालपुर में दो विषयों में असफल होने पर राजेंद्र नामदेव की बेटी सीटू ने अपने ही दुपट्टे से लटक कर खुदकुशी कर ली। छिंदवाड़ा में भी एक छात्रा ने खुदकुशी की है।

चांदमेटा थाना क्षेत्र के कन्हैया की बेटी अंबिका ने विज्ञान विषय में फेल होने पर फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी है। वह हाईस्कूल की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, ब्यावरा के नजदीक के कंचनरिया गांव के निवासी रामचरण के बेटे लक्ष्मीनारायण ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी। वह 12वीं की परीक्षा में असफल रहा था।

Latest India News