नक़वी ने कहा भारत में आमिर पूरी तरह सुरक्षित
नई दिल्ली: एक पुरस्कार वितरण समारोह में आमिर खान ने असहिष्णुता पर चिंता व्यक्त करके औऱ यह कहकर कि उनकी पत्नी किरण राव ने यहां तक सुझाव दे दिया कि उन्हें संभवत: देश छोड़ देना

नई दिल्ली: एक पुरस्कार वितरण समारोह में आमिर खान ने असहिष्णुता पर चिंता व्यक्त करके औऱ यह कहकर कि उनकी पत्नी किरण राव ने यहां तक सुझाव दे दिया कि उन्हें संभवत: देश छोड़ देना चाहिए, असहिष्णुता पर ज़ारी बहस को और गरमा दिया। इसके बाद असहिष्णुता के मुद्दे पर सोशल मीडिया दो खेमों में बंटा नज़र आने लगा। उनके बयान के खिलाफ दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में शिकायत भी दर्ज हुई है।
मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा टिप्पणी से अपमानित हुए सम्मान देने वाले लोग
"हम आमिर खान को देश छोड़कर नहीं जाने देंगे, वह यहां पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इस तरह की टिप्पणियों से उन लोगों का अपमान होता है, जिन्होंने आमिर को भारत में इतना सम्मान दिया।," केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा।
आमिर खान ने कहा क्या था?
बॉलीवुड से सुपरस्टार आमिर खान ने कहा था, ‘‘मैं जब घर पर किरण के साथ बात करता हूं, वह कहती हैं कि ‘क्या हमें भारत से बाहर चले जाना चाहिए?’ किरण का यह बयान देना एक दुखद एवं बड़ा बयान है। उन्हें अपने बच्चे की चिंता है। उन्हें भय है कि हमारे आसपास कैसा माहौल होगा।’’ इतना ही नहीं आमिर खान ने लेखकों और अन्य हस्तियों द्वारा पुरस्कार लौटाने को भी जायज़ ठहराया था और कहा था कि वे उन्हीं मुद्दों को उठा रहे हैं, जिन्हें उठाना वे ज़रूरी समझते हैं। अपनी बात रखने का यह भी एक तरीका है।
आदित्यनाथ ने कहा, लोग देश छोड़ने को स्वतंत्र
देश में बढ़ रही असहिष्णुता पर आमिर खान के बयान पर टिप्पणी करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि लोग देश छोड़ने के लिए स्वतंत्र हैं, इससे देश की आबादी घटेगी। आमिर खान के बयान के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सांसद आदित्यनाथ ने कहा, "यदि कोई देश छोड़ना चाहता है, तो क्या हम उसे रोक सकते हैं? इससे कम से कम हमारे देश की आबादी में कमी होगी। क्या इसे आप असहिष्णुता कहते हैं? जो इस्लामिक स्टेट (IS) कर रहा है, क्या वह सहिष्णुता है।"
ओवैसी ने कहा, मुसलमान भारत नहीं छोड़ेंगे
उधर, मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, मुसलमान भारत नहीं छोड़ेंगे। वे यहीं पर "गौरवान्वित भारतीय" की तरह रहेंगे। जब ओवैसी से अभिनेता आमिर खान के बयान के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने कहा, "मैं किसी फिल्म अभिनेता के बारे में कुछ नहीं कह सकता। मैं केवल बतौर गौरवान्वित भारतीय कह सकता हूं कि मैं संघ परिवार व अन्य फासीवादियों की कूट भाषा राजनीति के सामने झुकूंगा नहीं।"
रिजिजू का दावा, आमिर की टिप्पणी का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने अभिनेता आमिर खान की टिप्पणी का यह कहते हुए जोरदार खंडन किया कि तथ्यात्मक रिकॉर्ड उनके बयान के विपरीत है। रिजिजू ने कहा, "रिकॉर्ड दर्शाता है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में सांप्रदायिक दंगों में कमी आई है। इस तरह का बेतुका बयान देना कि राजग सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में असहिष्णुता बढ़ गई है, केवल देश की छवि को खराब करना है।" उन्होंने कहा कि यह बेकार की बहस है। समाज में और भी कई मुद्दे हैं, जिसपर सभी को साथ आना चाहिए और उसका समाधान करना चाहिए।
शाहनवाज़ हुसैन: आमिर खान डर नहीं रहे हैं, डरा रहे हैं
अमिर खान के बयान की आलोचना करते हुए BJP नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि, 'आमिर खान डर नहीं रहे हैं, डरा रहे हैं।' इससे पहले अभिनेता अनुपम खेर ने भी अमिर को बयान के लिए सोशन नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर आड़े हाथों लिया था। अनुपम खेर ने कई सिलसिलेवार ट्वीट कर लिखा है कि, "प्रिय आमिर खान, "क्या आपने कभी किरण से यह पूछा कि वह किस देश जाना चाहती हैं? क्या आपने उन्हें बताया कि इस देश ने आपको आमिर खान बनाया है?"
आमिर के समर्थन ने आई AAP और कांग्रेस
आमिर खान की टिप्पणी के समर्थन में कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी उतर आए हैं। राहुल गांधी के दफ्तर की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि, सरकार और मोदी जी पर सवाल उठाने वाले सभी लोगों को देश विरोधी, पूर्वाग्रही ठहराने की जगह सरकार लोगों तक जाकर ये पता करने की कोशिश करे कि उनकी परेशानी क्या है तो बेहतर होगा। भारत में समस्याएं सुलझाने का यही तरीका है। दादागीरी करने, अपशब्द कहने और धमकी देने से भारत में समस्याएं हल नहीं हो सकतीं। कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा, आमिर खान ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में जो कहा वह सारी दुनिया, अखिल भारत कह रहा है। सभी सही सोच रखने वाले भी यही कह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर कहा कि, 'आमिर खान का कहा एक-एक शब्द सही है। इस मुद्दे पर बोलने के लिए मैं उनकी प्रशंसा करता हूं।