नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल की आप सरकार ने आज राजधानी में अपना एक साल पूरा कर लिया। एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री ने अपने सहयोगियों के साथ कनॉट प्लेस के NDMC कन्वेंशन सेंटर में जनता से सीधा सरोकार करते हुए कई अहम ऐलान किए। केजरीवाल ने यहां पर 30 नवंबर 2015 तक के पानी से सभी पेंडिंग बिल माफ करने की बात कही जिसमें कैटेगरी के हिसाब से 50 और 75 फीसदी बिल माफ किए जाएंगे। आपको बता दें मुख्यमंत्री ने यहां जनता के सामने अब तक किए गए कामों का जिक्र तो किया ही साथ ही यह भी बताया कि अधूरे कामों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने जनता ये सह वादा भी किया कि करदाताओं का एक भी पैसा वो बरबाद नहीं होने देंगे।
कोटा एडमिशन को इजाजत नहीं देगी आप सरकार: केजरीवाल ने यहां पर यह भी बताया कि वो दिल्ली के स्कूलों में कोटा एडमिशन को किसी भी सूरत में मंजूरी नहीं देगी। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार के पहले बजट में शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया था और इस बार के बजट में भी शिक्षा ही मुख्य मुद्दा रह सकता है।
आप सरकार को कांग्रेस ने दिए शून्य अंक
दिल्ली में आप सरकार के एक साल पूरे होने की पूर्वसंध्या पर कांग्रेस ने आज उसे शून्य अंक देते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार विकास और सुशासन की बजाए राजनीति में लिप्त है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा, मैं केजरीवाल सरकार को शून्य अंक देता हूं क्योंकि मैं माइनस अंक नहीं दे सकता। साथ ही कहा, आप सरकार का पहला साल केंद्र सरकार और अन्य एजेंसियों के साथ टकराव और अपनी नाकामियां दूसरों के सिर मढ़ने का रहा। अरविंद केजरीवाल नेतृत्व वाली सरकार पर बिंदुवार प्रस्तुति देते हुए उन्होंने कहा, अपनी शासन व्यवस्था और अपने वादों को पूरा नहीं करने की नाकामी की तरफ से ध्यान हटाने के लिए आप सरकार केंद्र और अन्य एजेंसियों से टकराव कर दूसरों पर दोष मढ़ अपनी जिम्मेदारी से बचती रही। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) केजरीवाल सरकार की वर्षगांठ को छलावा दिवस के तौर पर मनाएगी और कल राजघाट से मार्च निकाला जाएगा। माकन ने सत्ता में आने के लिए आप पर अपने सिद्धांतों से समझौता करने और लोकपाल की अब तक की सबसे कमजोर संस्था लाकर चालबाजी करने का आरोप लगाया।
Latest India News