1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आपकी अदालत: शाहरुख खान ने कहा, 'देश ने मोदी को बहुमत से चुना है, हम सभी उनका समर्थन करें'

आपकी अदालत: शाहरुख खान ने कहा, 'देश ने मोदी को बहुमत से चुना है, हम सभी उनका समर्थन करें'

नई दिल्ली: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने कहा है कि सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि देश ने उन्हें भारी बहुमत से चुना है। इंडिया टीवी के "आप की अदालत" शो

shahrukh khan- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV shahrukh khan

नई दिल्ली: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने कहा है कि सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि देश ने उन्हें भारी बहुमत से चुना है। इंडिया टीवी के "आप की अदालत" शो में रजत शर्मा के सवालों का जवाब देते हुए शाहरुख खान ने कहा- "मैं यहां बडे साफ तौर से कहना चाहता हूं जब हम सब ने देश के नेता को चुना, चाहे वो कोई भी क्य़ों न हो, मोदीजी जैसे महान क्यों न हों, हम सभी को उनका समर्थन करना चाहिए, क्य़ोंकि हमारे देश ने बहुमत के साथ उन्हें चुना है। हमें अपने नेता का समर्थन करते हुए इस देश को आगे ले जाना चाहिए और नकारात्मक नहीं बनना चाहिए।"

शाहरुख ने आगे कहा- "शायद राजनीति में लोगों ने ऐसी बातें (असहिष्णुता)  कही हो, लेकिन हम राजनीतिज्ञ नहीं, मनोरंजन कराने वाले कलाकार हैं। एक तरह से, हम वो हैं, जिन्हें हमारे बच्चे देखकर, उनका अनुकरण करते हुए सफल बनना चाहते हैं, जैसा कि मैं हूं। इसलिए मैं ऐसी कोई बात नहीं कहूंगा जो देश के हित में न हो।"

रजत शर्मा के इस सवाल पर कि ऐसी लोगों में धारणा है कि कांग्रेस में उनके दोस्त हैं, जो मोदी को 'फिक्स' करना चाहते हैं, शाहरुख ने जवाब दिया- " मेरी क्या मजाल किसी को फिक्स करूं। आप जानते हैं मुझे सालों से, मैं गैर-राजनीतिक हूं पर मेरे दोस्त हर जगह हैं।"

शाहरुख ने कहा कि पिछले साल नवम्बर में असहिष्णुता के विवाद को लेकर उनके बयान को तोड़मरोड़कर पेश किया गया था. उन्होंने कहा, "मैंने तो युवाओं को सलाह दी थी कि वे क्षेत्रीयवाद, मजहब, जाति, जैसे मामलों में इन्टॉलरेन्ट न हों। मेरे पिताजी देश के सबसे कम उम्र के स्वाधीनता सेनानियों में से थे। मैं ये कैसे सोच सकता हूं कि इस देश ने हमारे साथ अच्छा सलूक नहीं किया।" "मेरा घर एक मिनी-इंडिया है। मेरी पत्नी हिन्दू है, मैं जन्म से मुस्लिम हूं, मेरे तीनों बच्चे तीन अलग धर्मों को मानते हैं। मैं अपने देश के बारे में ऐसे कैसे सोच सकता हूं ?"

सोशल मीडिया में अपने खिलाफ कमेंट्स को लेकर शाहरुख खान ने कहा- " कभी कभी मुझे बहुत दुख होता है। ऐसा मुझे रोना आता है, कि मैं बार बार ये बताऊं कि मैं देशवासी और देशभक्त हूं, क्योंकि मैं हूं, मुझसे ज्यादा, हम सभी हैं, सचमुच में। हम लोगों को किसी से प्रतियोगिता करने की जरूरत नहीं है। मैं सभी यंग लोगों से कहूंगा कि टॉलरेन्ट बनो, खुश रहो, खूब काम करो और इस राष्ट्र को आगे ले जाओ। जो छोटी बातें हैं, वो हमारे देश के हित को खराब नहीं करने चाहिए।"

शाहरुख ने आगे कहा- " हम सभी को सकारात्मकता के साथ आगे बढने चाहिए। हम दुनिया के सबसे बडे देश में रहते हैं। हमको इन छोटी मोटी दकियानूसी बातों में नहीं पडना चाहिए। ...मेरी पिक्चर चले या नहीं, पर मैं ये आखिरी बार बोल रहा हूं, इसके बाद नहीं बोलूंगा, कुछ भी पंगा हो जाय, मुझसे बडा देशभक्त इस देश में कोई नहीं है।

"हमारा देश, हमारी मातृभूमि, भारत माता, हम सब इससे प्यार करते हैं...दुनिया में भारतीय होने का मुझे सबसे ज्यादा गर्व है क्योंकि मुझसे ज्यादा इस देश ने किसी और को नहीं दिया है... मुझे पूरी उम्मीद है मैं इस राष्ट्र को महान बनाने के लिए काम करूंगा और मेरा परिवार भी यही करेगा।"

शाहरुख खान ने कहा कि वो फिल्मों में एक्टिंग के लिए कोई फीस नहीं लेते। उन्होंने कहा, "मैं फिल्मों में एक्टिंग के लिए पैसे बिल्कुल नहीं लेता। मेरे लिए फिल्म पूजा है, पवित्रता है। मैं फिल्म को धंधे की तरह नहीं लेता, बाकी मेरा काम बिजनेस की तरह होता है, लेकिन मैं genuinely फिल्मों में काम पैसे लेकर नहीं करता। "मैं हमेशा डायरेक्टर, प्रोड्यूसर को कहता हूं मुझे पैसा नहीं चाहिए। मेरे लिए फिल्म में एक्टिंग करना ही सबसे बडी बात है। मेरी जिन्दगी की सबसे बडी उम्मीद ये है कि मैं जो भी फिल्म बनाऊं उसे ज्यादा लोग देखकर उनसे खुशी महसूस करें, कमाई के लिए नहीं, और एक दिन हिन्दुस्तान में एक ऐसी फिल्म बनाऊं, मैं इस मसले में नैशनलिस्ट हूं, मैं ऐसी फिल्म बनाऊं कि दुनिया देखकर कहे कि ऐसी फिल्म भारत में बनती है।"

शाहरुख खान ने कहा कि वो सिर्फ ब्रांड एंडोर्समेन्ट और लाइव शो को लिए फीस लेते हैं। शाहरुख ने बताया कि वो इस समय 20-21 ब्रांड एंडोर्स कर करे हैं और लाइव शो का उनका कारोबार अच्छा चल रहा है। ये पूछे जाने पर कि उन्होने 22 साल पहले "आपकी अदालत" में कहा था कि अमिताभ बच्चन सबसे बडे एक्टर हो सकते हैं, लेकिन वो उनसे कुछ बेहतर हैं, शाहरुख खान ने कहा- "वो बचपना था। जवानी में  over-confidence तो होता ही है..अब मुझे मालूम हुआ कि मैं इतना अच्छा एक्टर नहीं हूं. अब 22 साल बाद समझ में आ रहा है कि मुझे बडे एक्टर की न समझ थी, न इल्म था, शायद मेरे  lack of education की वजह से। तो मेरा अहंकर ही मेरा लडकपन है।"

रजत शर्मा ने जब उनसे ये पूछा कि क्य़ा आप अब भी अपने आपको सबसे बडा एक्टर समझते हैं, शाहरुख खान ने मुस्कराते हुए जवाब दिया- "वो तो दुनिया मानती है, जो सच है, वो सच है।" अपनी नयी फिल्म "फैन" के बारे में शाहरुख ने बताया कि कैसे उन्हें 25 साल के फैन, गौरव का रोल निभाने के लिए रोज़ 3-4 घंटे प्रोस्थेटिक मैकअप चेहरे पर लगाना पडता था, एक नौजवान जैसी त्वचा के लिए  VFX  का इस्तेमाल करना पडा और उन्हें आवाज़ बदलनी पडी। शाहरुख ने कहा, "इस बार अगर इस रोल के लिए मुझे अवॉर्ड नहीं मिला, तो मैं अवॉर्ड छीन लूंगा या फिर रोना शुरु कर दूंगा।"

रजत शर्मा के शो आपकी अदालत में शाहरुख खान को आप देख सकेंगे शनिवार 16 अप्रैल को रात 10 बजे इंडिया टीवी पर। इस शो को रविवार 17 अप्रैल को दिन के 10 और रात के 10 बजे फिर टेलीकास्ट किया जाएगा।

Latest India News