1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यौन उत्पीड़न मामले में AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को मिली जमानत

यौन उत्पीड़न मामले में AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को मिली जमानत

नई दिल्ली: यौन उत्पीड़न के एक मामले में गिरफ्तार आप विधायक अमानतुल्ला खान को दिल्ली की एक अदालत ने आज जमानत दे दी। खान पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला उनकी संबंधी है।

amanatullah khan- India TV Hindi
amanatullah khan

नई दिल्ली: यौन उत्पीड़न के एक मामले में गिरफ्तार आप विधायक अमानतुल्ला खान को दिल्ली की एक अदालत ने आज जमानत दे दी। खान पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला उनकी संबंधी है। जांचकर्ता ने कहा था कि खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की जरूरत नहीं है, जिसके बाद उन्हें जमानत दे दी गई।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

मेट्रोपोलिटन मेजिस्ट्रेट विजेता सिंह रावत ने 35,000 रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर नेता को राहत दी है। हालांकि उन्होंने आरोपी से कहा है कि वह शिकायतकर्ता से किसी भी तरह का संपर्क नहीं करे और ना ही उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए डराए-धमकाए।

अदालत ने उनसे कहा है कि वे जांच को किसी भी तरह प्रभावित करने की कोशिश नहीं करें, जरूरत पड़ने पर पुलिस थाने में उपस्थित हो जाएं और अपने साथ अपने समर्थकों को नहीं लेकर आएं। अदालत ने कहा है कि खान की जमानत के साथ जो शर्तें लगाई गई हैं उनके उल्लंघन की स्थिति में जांच अधिकारी अदालत से उनकी जमानत रद्द करवाने की मांग की जा सकती है।

जांच अधिकारी ने कहा था कि नेता को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की जरूरत नहीं है क्योंकि उनसे संबंधित जांच पूरी हो चुकी है, इसी आधार पर अदालत ने जमानत का आदेश दिया था। खान को कल गिरफ्तार किया गया था और एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। दिल्ली पुलिस ने विभिन्न महिलाओं की विभिन्न शिकायतों के आधार पर खान को तीन महीने में दूसरी बार गिरफ्तार किया है।

इससे पहले, 18 सितंबर को ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान जामिया नगर पुलिस थाने जा पहुंचे थे और उन्होंने पुलिस से खुद को गिरफ्तार करने को कहा था जिससे पुलिस ने इनकार कर दिया। तब वे उत्पीड़न और आपराधिक धमकी के एक अन्य मामले में जमानत पर थे।

खान की एक संबंधी की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न), 506 (आपराधिक धमकी), 509 (महिला की मर्यादा का अपमान करने के उद्देश्य से कुछ हरकत, गतिविधि करना या कुछ बोलना), 120बी (आपराधिक साजिश) और 498ए (महिला के पति या पति के संबंधी द्वारा उसके खिलाफ क्रूरता करना) के तहत जामिया नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

इससे पहले खान को जसोला की निवास एक महिला की शिकायत के आधार पर 24 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन 28 जुलाई को उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। अब तक दिल्ली पुलिस आप के 15 विधायकों के खिलाफ विभिन्न आरोपों के आधार पर मामले दर्ज कर चुकी है। इनमें से 12 को गिरफ्तार भी किया गया है।

Latest India News