नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित हुए नेता दयाशंकर सिंह को बक्सर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बक्सर के चीनी मिल मोहल्ला नाम के इलाके से दयाशंकर सिंह को यूपी एसटीएफ और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है।
बसपा मुखिया मायावती के प्रति अभद्र टिप्पणी के मामले में वांछित पूर्व भाजपा नेता दयाशंकर सिंह की बीते दिनों कथित रूप से झारखंड के एक मंदिर में दर्शन करने की फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई थी। यूपी पुलिस दयाशंकर सिंह की मौजूदगी को लेकर कई जगहों पर सर्च कर रही थी और इस काम में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी लगाया गया था।
इससे पहले, उन्होंदने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ से अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगवाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पहणी करने को लेकर उनके खिलाफ बीएसपी नेताओं ने 20 जुलाई को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में एससीएसटी एक्टण के तहत मामला दर्ज करवाया था।
Latest India News