1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फरार जदयू MLC मनोरमा देवी ने किया आत्मसमर्पण

फरार जदयू MLC मनोरमा देवी ने किया आत्मसमर्पण

आदित्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी यादव की मां जदयू से निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी ने मंगलवार को गया कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

manorama devi- India TV Hindi
manorama devi

नई दिल्ली: आदित्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी यादव की मां जदयू से निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी ने मंगलवार को गया कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने मनोरमा देवी को 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इससे पूर्व सोमवार को गया की कोर्ट ने मनोरमा देवी को तुरंत राहत न देते हुए अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 19 मई की तारीख तय की थी। मनोरमा देवी के घर में शराब मिलने के बाद उन्हें जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया था और उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे, तब से वह फरार थी।

आत्मसमर्पण के बाद उन्होंने कहा कि उनको राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनके घर कोई शराब नहीं मिली है। उन्होंने पूछा कि आपको क्या लगता है कि वह शराब पीती हैं।

मनोरमा देवी का 24 साल का बेटा रॉकी यादव गया में 19 साल के आदित्य सचदेव की हत्या के मामले में पहले से जेल में है। इसी मामले में उनके पति बिन्दी यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दूसरी तरफ इस हत्याकांड में गिरफ्तार रॉकी के भाई टेनी यादव ने भी सरेंडर कर दिया है और उन्हें कोर्ट ने जेल भेज दिया है

दरअसल रॉकी की तलाशी के दौरान पुलिस ने मनोरमा देवी के आवास पर छापा मारकर शराब की बोतलें बरामद की थीं। बिहार में 1 अप्रैल से पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में शराब रखना गैरकानूनी है। इसी मामले में मनोरमा देवी को जेडीयू से सस्पेंड भी कर दिया गया था।

Latest India News