1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शीना बोरा मर्डर केस: राहुल मुखर्जी ने पीटर पर लगे आरोपों को कहा अपमानजनक

शीना बोरा मर्डर केस: राहुल मुखर्जी ने पीटर पर लगे आरोपों को कहा अपमानजनक

मुंबई: पूर्व मीडिया दिग्गज पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल मुखर्जी ने आज कहा कि सनसनीखेज शीना बोरा हत्याकांड में उनके पिता पर लगाए गए आरोप अपमानजनक हैं। दक्षिण मुंबई स्थित सीबीआई कार्यालय से आज सुबह

मेरे पिता के खिलाफ...- India TV Hindi
मेरे पिता के खिलाफ आरोप अपमानजनक: राहुल मुखर्जी

मुंबई: पूर्व मीडिया दिग्गज पीटर मुखर्जी के बेटे राहुल मुखर्जी ने आज कहा कि सनसनीखेज शीना बोरा हत्याकांड में उनके पिता पर लगाए गए आरोप अपमानजनक हैं। दक्षिण मुंबई स्थित सीबीआई कार्यालय से आज सुबह बाहर आते हुए राहुल ने कहा, उनके (पीटर) खिलाफ आरोप पूरी तरह अपमानजनक हैं।

राहुल ने बीती रात सीबीआई कार्यालय में गुजारी क्योंकि उन्होंने वहां रूकने के लिए अधिकारियों से आग्रह किया था। शीना बोरा हत्याकांड की प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी के पति पीटर को सीबीआई ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एजेंसी ने यहां की मजिस्ट्रेट अदालत में मामले में आरोपपत्र दायर किया था।

पीटर पर हत्या और आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया है। उन पर सबूत नष्ट करने तथा अपनी पत्नी इंद्राणी को बचाने के लिए झूठ बोलने का आरोप भी लगाया गया है। पीटर का रिमांड मांगते हुए सीबीआई ने कल अदालत से कहा था कि वह अपनी पत्नी के साथ साजिश में कथित तौर पर शामिल थे और उन्होंने अपराध में सक्रिय तथा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और शीना की हत्या की बात को छिपाने के लिए अपने पुत्र राहुल को गुमराह किया।

जांच एजेंसी ने अदालत से यह भी कहा था कि पीटर वीभत्स हत्या से पहले, उसके दौरान और उसके बाद इंद्राणी के लगातार संपर्क में थे। 24 अप्रैल 2012 को हुई कथित हत्या में वित्तीय कोण को जोड़ते हुए आरोपपत्र में कहा गया कि शीना की हत्या किए जाने का प्रमुख कारण यह था कि इंद्राणी को डर था कि यदि शीना की शादी पीटर के बेटे राहुल से हो गई तो वह उसकी (इंद्राणी की) और उसके पति पीटर की सारी संपत्ति की हकदार बन जाएगी।

आरोपपत्र में कहा गया कि इंद्राणी के मन में उसके पूर्व पति संजीव खन्ना से हुई उसकी बेटी विधि के प्रति लगाव था। इंद्राणी को डर था कि शीना और राहुल की शादी होने की स्थिति में सारी संपत्ति उनके पास जा सकती है।

आरोपपत्र में कहा गया कि इसलिए उसने खन्ना और अपने चालक श्याम राय के साथ मिलकर शीना बोरा की हत्या की योजना बनाई। सीबीआई ने अदालत से कहा था कि राहुल और शीना शादी करने वाले थे, और उसके बाद उसे (शीना) संपत्ति में हिस्सा मिल सकता था। जांच एजेंसी ने कहा था कि वह इस कोण को देख रही है।

जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि राहुल ने अपने पिता पीटर के साथ हुई उस बातचीत को रिकॉर्ड किया था जिसमें उसके पिता ने उससे कहा था कि उन्होंने शीना से बात की है और वह अमेरिका में है। मजिस्ट्रेट अदालत ने कल पीटर को सोमवार (23 नंवबर) तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया था और इंद्राणी, खन्ना तथा राय से संबंधित मामले को मुकदमे के लिए सत्र अदालत स्थानांतरित कर दिया था।

Latest India News