गया: बिहार के गया में रोडरेज में मारे गए छात्र आदित्य सचदेवा के परिजनों ने हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। आदित्य की मां ने कहा कि उनका बिहार पुलिस से भरोसा उठ गया है। आदित्य की मां चंदा सचदेवा ने गुरुवार को कहा कि उनका बिहार पुलिस से भरोसा उठ गया है।
आदित्य की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने में ही पुलिस को 26 घंटे का समय लग गया और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि आदित्य के खून से सने कपड़े जब सड़क पर मिले, तब पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा। पुलिस की ऐसी कार्रवाई ने जांच से भरोसा उठा दिया है।
आदित्य के पिता श्याम सचदेवा ने कहा कि जिस तरह से जांच में कोताही बरती जा रही है तथा लीपापोती की कोशिश हो रही है, उससे अब उनका भरोसा खत्म हो गया है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश देने के बजाए आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हों, तो फिर हत्यारे को सजा की उम्मीद करनी बेमानी है।
तेजस्वी यादव ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा नेताओं के बिहार में 'जंगलराज' के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा था, "बिहार में 'रोडरेज' की एक घटना होती है और इसे जंगलराज कहा जाता है। रोडरेज की सबसे ज्यादा घटनाएं तो दिल्ली में होती हैं, तो क्या दिल्ली में जंगलराज है?"
सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे राकेश रंजन यादव उर्फ रॉकी यादव पर आदित्य की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस रॉकी, उसके पिता बिन्दी यादव तथा विधान पार्षद के अंगरक्षक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों अभी गया जेल में हैं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित सुनवाई कराकर आरोपी को सजा दिलवाने का वादा किया है। उधर, मनोरमा देवी को जद (यू) ने पार्टी से निलंबित कर दिया है।
Latest India News