नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की पत्नी को आज स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) मेंं भर्ती कराया गया।
संस्थान के डॉक्टरों के मुताबिक, करीब 80 वर्षीय कमला आडवाणी को संस्थान के आईसीयू में रखा गया है और इस समय उनकी हालत स्थिर है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मीडिया और प्रोटोकॉल प्रभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर नीरजा भटला ने बताया, कमला आडवाणी को आज सुबह 6 बजे बुखार और मूत्र मार्ग में संक्रमण के कारण एम्स में भर्ती कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम उन पर करीबी नजर रखे हुए है।
उन्होंने बताया कि इस समय उनकी हालत स्थिर है, बिना किसी बाहरी मदद से उनका रक्तचाप सामान्य है और वह अपने से सांस ले पा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व उप प्रधानमंत्री की पत्नी ने आज तड़के सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।
Latest India News