नई दिल्ली: लगातार कई दिनों की बारिश के बाद एक बार फिर से उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जहां एक ओर दिल्ली और बिहार में आज गर्मी के साथ दिन की शुरुआत हुई वहीं यूपी में गर्मी के कारण उमस में तेजी से इजाफा हुआ है। जानिए आज कैसा रहा देश में मौसम का हाल।
दिल्ली में तेज धूप के साथ दिन की शुरूआत:
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह तेज धूप रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, "शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश होगी। "
आईएमडी के मुताबिक, सुबह 8.30 बजे वातावरण में 76 फीसदी आद्रता दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह में दृश्यता 3,000 मीटर रही। दिल्ली में एक दिन पहले यानी बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
यूपी में धूप ने बढ़ाई उमस:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से उमस में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के मुताबिक, दिन में धूप निकलने का अनुमान है। कुछ जिलों में सामान्य तो कुछ जिलों में तेज बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 21.2 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 22 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 23.4 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में गर्मी से दिन की शुरूआत:
बिहार में राजधानी पटना सहित इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से ही धूप निकली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य के अन्य शहरों, गया और पूर्णिया का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, एक दिन पहले यानी बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस, गया का 34.1 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीते 24 घंटे के दौरान गया में 8.00 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
Latest India News