नई दिल्ली: पूर्व आईएएस अधिकारी अलका सिरोही को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह दीपक गुप्ता की जगह लेंगी जिनका कार्यकाल मंगलवार को खत्म हो रहा है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 21 सितंबर से अलका को यूपीएएसी प्रमुख के पद पर काम करने के लिए नियुक्त किया है। वह इस समय यूपीएएसी में सदस्य हैं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
आदेश के अनुसार नियुक्ति अगले आदेश तक के लिए या तीन जनवरी, 2017 को सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल पूरा होने तक, इनमें से जो भी पहले आए, के लिए की गयी है। इसमें कहा गया कि यूपीएएसी के प्रमुख का पद मंगलवार को रिक्त हो जाएगा। गुप्ता सेवानिवृत्ति की उम्र पूरी होने पर पद छोड़ रहे हैं।
केंद्र ने आयोग के मौजूदा सदस्यों में से प्रमुख की नियुक्ति की परंपरा से पहली बार हटते हुए नवंबर, 2014 में गुप्ता को यूपीएसीसी का प्रमुख नियुक्त किया था। उस समय अलका सबसे वरिष्ठ सदस्य थीं और प्रमुख हो सकती थीं। अलका मध्य प्रदेश कैडर की सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। जनवरी, 2012 में आयोग की सदस्य बनने से पहले वह कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में सचिव थीं।
आयोग का नेतृत्व उसके प्रमुख करते हैं और आयोग में अधिकतम दस सदस्य हो सकते हैं। आयोग के दूसरे सदस्यों में शिक्षाविद डेविड आर सिमलीह, प्रोफेसर हेमचंद्र गुप्ता एवं प्रदीप कुमार जोशी, दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त बी एस बस्सी, रेलवे बोर्ड के पूर्व प्रमुख विनय मित्तल, पूर्व आईएएस अधिकारी छतर सिंह और उड्डयन एवं खुफिया एजेंसी रॉ के अनुसंधान केंद्र के तत्कालीन प्रभारी अरविंद सक्सेना शामिल हैं।
Latest India News