1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में जल्द शुरू होगी सर्व महिला पीसीआर वैन

दिल्ली में जल्द शुरू होगी सर्व महिला पीसीआर वैन

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पहली बार महिला पीसीआर वैन होंगी, जिन्हें कुछ क्षेत्रों में चलाया जाएगा और इसे साकार करने के लिए पुलिस विभाग ने आठ महिला कॉन्स्टेबलों का चयन गश्ती वाहनों के

pcr van- India TV Hindi
pcr van

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पहली बार महिला पीसीआर वैन होंगी, जिन्हें कुछ क्षेत्रों में चलाया जाएगा और इसे साकार करने के लिए पुलिस विभाग ने आठ महिला कॉन्स्टेबलों का चयन गश्ती वाहनों के चालक के लिए कर भी लिया है। महिला चालित इन पीसीआर वाहनों में केवल महिलाएं ही होंगी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह पहल अगले महीने तक शुरू होने की संभावना है और इस प्रायोगिक परियोजना के तहत दक्षिण दिल्ली का वसंत कुंज और इंडिया गेट के आसपास के इलाके चुने गए हैं। अधिकारी ने बताया कि इसकी रिपोर्ट के गहन विश्लेषण के आधार पर बाद में सर्व महिला पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) वैन दिल्ली विश्वविद्यालय इलाके सहित अन्य जोन में भी संचालित किए जा सकते हैं।

पुलिस उपायुक्त (पीसीआर) आर के सिंह ने बताया कि सर्व महिला पीसीआर इकाइयों के कार्य को महिलाओं से छेड़छाड़, नारी शोषण, उत्पीड़न एवं उनपर अन्य प्रकार के हमलों को रोकने के मामलों तक ही सीमित नहीं रहेगा। उन्हें हर प्रकार की परेशानी वाली कॉल पर जाना होगा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आठ महिलाओं को चालक के रूप में चुन लिया गया है। कुछ अन्य ने भी स्वेच्छा से इस पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन वे सफल नहीं हुईं। इन महिला चालकों का चयन विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर किया गया है।

उन्होंने कहा कि चयनित महिला कर्मचारियों को इस पहल के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जा सकती है, ताकि पुलिस बल की अन्य महिलाएं भी इससे प्रोत्साहित हों।

Latest India News