इलाहाबाद: एडीएम नजूल ओपी श्रीवास्तव की ऐसी तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं जिन्हें देख कर कोई भी शर्मसार हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्लीन गंगा कैंपेन 'नमामि गंगा' पर इलाहाबाद के एडीएम नजूल ओपी श्रीवास्तव पानी फेरते पकड़े गए हैं। दरअसल, एडीएम नजूल ओपी श्रीवास्तव गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम के पास यमुना नदी में खुले आम पेशाब करते पकड़े गए।
एडीएम नजूल ओपी श्रीवास्तव 23 फरवरी से संगम के तट पर होने वाले त्रिवेणी महोत्सव के सिलसिले में प्रेस कांफ्रेंस करने पहुंचे थे। तभी वे लघुशंका के लिए उठे और उन्होंने यमुना के किनारे ही पेशाब करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने ये पूरा वाकया कैमरे में कैद कर लिया और कुछ ही देर में उनकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
पूरे मामले पर धर्मगुरु स्वामी चक्रपाणी महाराज ने कहा कि ये हरकत ठीक नहीं है। धार्मिक मान्यता के हिसाब से भी ये ठीक नहीं है और एक सरकारी अधिकारी के लिए तो ये और भी गंभीर बात है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत वाजपेयी ने कहा कि जिस रूप में एडीएम साहब वीडियो में दिख रहे हैं, उनका ये अक्षम्य अपराध है। एक तरफ सभी लोग गंगा को साफ करने में लगे हैं तो दूसरी तरफ ये हाल है। उन्हें तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन ने इस मामले में जांच कराए जाने की बात कही है।
Latest India News