1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भाजपा का आरोप सुपर सीएम बन गए हैं लालू प्रसाद

भाजपा का आरोप सुपर सीएम बन गए हैं लालू प्रसाद

राजद प्रमुख लालू प्रसाद के ममता कार्यकर्ताओं को काम दिए जाने को लेकर दरभंगा के सिविल सर्जन को दिए गए टेलिफोनिक निर्देश पर भाजपा ने इसे सरकार के काम हस्तक्षेप बताते हुए उनपर सुपर सीएम की भूमिका निभाने का आरोप लगाया है।

lalu prasad yadav- India TV Hindi
lalu prasad yadav

पटना: राजद प्रमुख लालू प्रसाद के ममता कार्यकर्ताओं को काम दिए जाने को लेकर दरभंगा के सिविल सर्जन को दिए गए टेलिफोनिक निर्देश पर भाजपा ने इसे सरकार के काम हस्तक्षेप बताते हुए उनपर सुपर सीएम की भूमिका निभाने का आरोप लगाया है। नवजात शिशुओं की देखभाल करने वाली कुछ ममता कार्यकर्ताओं के हाल में लालू से मिलकर उन्हें फिर से दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल (डीएमसीएच) में काम दिए जाने का अनुरोध के बाद लालू ने इस संबंध में दरभंगा के सिविल सर्जन को फोन किया था जिसके बाद सिविल सर्जन ने डीएमसीएच के अधीक्षक को पत्र लिखकर उन्हें निर्देश का पालन करने को कहा था और अपने पत्र की एक प्रति स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित की थी।

इस बाबत दरभंगा के सिविल सर्जन से पूछे जाने पर उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में शामिल राजद प्रमुख के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव वर्तमान में स्वास्थ्य मंत्री हैं। लालू से इस बारे में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं फरयादी उनसे मिलने आते हैं और उनका कर्तव्य बनता है कि उचित मांगों में वह उनकी मदद करें तथा उन्होंने ममता कार्यकर्ताओं के लिए फोन किया था।

भाजपा के इस पर एतराज जताए जाने के बारे में लालू से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह उन्हें धिक्कारते हैं। लालू प्रसाद के छोटे पुत्र और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि वह पार्टी चला रहे हैं और लोगों की उचित समस्या को हल करने में कुछ भी गलत नहीं है। तेजस्वी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा से पूछा कि भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी किस हैसियत से रेल मंत्री के बदले रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करते हैं।

Latest India News