1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में तबलीगी जमात की बैठक ने आंध्र प्रदेश में मचाया कहर! Coronavirus के 17 केस बढ़े

दिल्ली में तबलीगी जमात की बैठक ने आंध्र प्रदेश में मचाया कहर! Coronavirus के 17 केस बढ़े

स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा बुलेटिन के अनुसार, 17 नए पॉजिटिव मामलों में से 14 या तो दिल्ली में बैठक में शामिल हुए थे या उन लोगों के संपर्क में थे, जो बैठक में शामिल हुए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

अमरावती: आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस मामलों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई है। यहां सोमवार रात को 17 लोगों का कोराना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया इनमें से अधिकतर लोगों ने दिल्ली में तबलीगी जमात की बैठक में भाग लिया था। इसके साथ ही राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 40 हो गई।

स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा बुलेटिन के अनुसार, 17 नए पॉजिटिव मामलों में से 14 या तो दिल्ली में बैठक में शामिल हुए थे या उन लोगों के संपर्क में थे, जो बैठक में शामिल हुए थे। उनमें से लगभग सभी लोग प्रकाशम और गुंटूर जिलों से हैं। अभी इन रोगियों के अधिक विवरण का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही इसे अपडेट किया जाएगा।

बता दें कि निजामुद्दीन में तब​लीजी जमात की घटना सामने आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। इस जमात में 1500 से 1700 लोग शामिल हुए थे, जिसमें 16 देशों से आए 310 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इसमें सबसे ज्यादा लोग इंडोनेशिया और थाईलैंड से हैं। अब प्रशासन इन लोगों को निजामुद्दीन से निकाल कर दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती करा रही है। अभी तक 1033 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।

इसके अलावा कुछ लोगों को आईटीबीपी के छावला कैंप में भी भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तब​लीजी जमात में दुनिया के 16 ​देशों के लोग शामिल थे। इसमें नेपाल से 19, मलेशिया से 20, अफगानिस्तान से 1, म्यामार से 33, अल्जीरिया से 1, जिबोती से 1, किर्गिस्तान से 28, इं​डोनेशिया से 72, थाईलैंड से 71, श्रीलंका 34, बांग्लादेश 19, इंग्लैंड से 3, सिंगापुर से 1, फिजी से 4, फ्रांस से 1 और कुवैत से 2 लोग इस तबलीजी जमात में शामिल हैं। 

Latest India News