इंदौर: सर्विस रोड बंद किये जाने के खिलाफ उग्र प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के एक आला अफसर को तमाचा जड़े जाने के मामले में मचे बवाल के बाद पुलिस ने भाजपा की महिला पार्षद और उसके पति समेत छह लोगों को आज गिरफ्तार किया।
विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी प्रशांत यादव ने बताया कि मामले में वॉर्ड क्रमांक 31 की भाजपा पार्षद सरोज चौहान, उनके पति राघवेंद्र चौहान और उनके चार समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 147 (बलवा), 186 (लोक सेवक के सरकारी काम में बाधा डालना), धारा 294 (गाली-गलौज), धारा 332 (लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने के लिये उसे चोट पहुंचाना) और अन्य संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लोगों पर रेडिसन चौराहे के पास सर्विस रोड बंद किये जाने के खिलाफ कल 16 जून को उग्र प्रदर्शन के समय नगर निगम के अपर आयुक्त रोहन सक्सेना से बदसलूकी और मारपीट की कथित घटना में शामिल होने का आरोप है। इस दौरान सक्सेना को थप्पड़ मारने वाले शख्स की पहचान राधाकृष्ण जायसवाल के रूप में हुई है जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
देखिए वीडियो-
Latest India News