1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NIT जा रहे अनुपम खेर को श्रीनगर हवाईअड्डे पर रोका गया

NIT जा रहे अनुपम खेर को श्रीनगर हवाईअड्डे पर रोका गया

NIT के प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने जा रहे बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर को जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने रविवार सुबह श्रीनगर हवाईअड्डे पर रोक लिया।

anupam kher- India TV Hindi
anupam kher

नई दिल्ली: श्रीनगर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलने जा रहे बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर को जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने रविवार सुबह श्रीनगर हवाईअड्डे पर रोक लिया। खेर ने ट्विटर के जरिये इसकी जानकारी दी और पुलिस के इस कदम पर नाराजगी जताई।

उन्होंने लिखा, "जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने कहा कि मुझे श्रीनगर शहर में नहीं जाने की अनुमति नहीं है। मैंने उन्हें आदेश दिखाने को कहा है। अब भी हवाईअड्डे पर ही हूं।" खेर ने कहा कि उन्हें अपने पैतृक घर में जाने की अनुमति भी नहीं दी गई।

उन्होंने लिखा, "मैंने जम्मू एवं कश्मीर पुलिस से पूछा कि क्या मैं अपने पैतृक घर जा सकता हूं या खीर भवानी मंदिर जा सकता हूं। मुझे इसके लिए भी इजाजत नहीं दी गई है।"

उल्लेखनीय है कि भारत और वेस्ट इंडीज के बीच टी 20 वर्ल्ड कप के सेमी फाइनल्स को लेकर एनआईटी परिसर में कश्मीरी और गैर स्थानीय छात्रों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था। कुछ कश्मीरी छात्रों ने वेस्टइंडीज द्वारा भारत की हार का कथित तौर पर जश्न मनाया था। गैर स्थानीय छात्रों ने इसका विरोध किया।

गैर स्थानीय छात्रों का आरोप है कि जम्मू एवं कश्मीर पुलिस के जवानों ने उनकी पिटाई की थी। अब वे कॉलेज को कश्मीर घाटी से बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग कर रहे हैं।

Latest India News