नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने निकट भविष्य में राजनीति में आने की तमाम संभावनाओं को खारिज कर दिया है। एक शो के दौरान उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने के बजाए वो अपनी आजादी को ज्यादा अहमियत देते हैं। अनुपम खेर ने यह बयान इंडिया टीवी के मशहूर शो “आप की अदालत” में दिया है, इसे रविवार रात 10 बजे प्रसारित किया जाएगा।
आप की अदालत में अनुपम खेर ने कहा, “आगामी कुछ सालों में मेरा राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। मेरे लिए आजादी महत्वपूर्ण है क्योंकि मेरे विचार अन्य लोगों से मेल खाते हैं। जिस दिन मुझे लगेगा कि मैं राजनीति में आऊं, तो यह चर्चा व इंटरप्रिटेशन का विषय बन जाएगा। फिलहाल मैं राजनीति में नहीं आऊंगा, लेकिन भविष्य में कुछ भी हो सकता है।“
जब अनुपम खेर से पूछा गया कि क्या उनकी इच्छा है कि भाजपा सांसद और उनकी पत्नी किरण खेर नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री बनें, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह एक अच्छी बात होगी अगर वो कल को मंत्री बन जाती हैं। मेरा मानना है कि वो काबिल हैं। किरण से मेरी शादी 30 साल पहले हुई थी और हम उससे भी 5-6 साल पहले से एक दूसरे को जानते थे, तो उनका विश्वास हासिल करने के लिए मुझे चमचागिरी करने की जरूरत नहीं है। लेकिन इसके बाद भी कुछ लोगों ने मुझ पर यह आरोप लगाया है, ताकि मैं डिफेंसिव हो जाऊं।”
आलोचकों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चमचा कहलाए जाने से सवाल पर अनुपम खेर ने कहा, “मैं किसी की बाल्टी होने के बजाए मैं नरेंद्र मोदी का चमचा कहलाना ज्यादा पसंद करूंगा। वो चमचा शब्द का इस्तेमाल इसलिए कर रहे हैं ताकि मैं डिफेंसिव हो जाऊं। मैं दिलीप कुमार साहब का भी चमचा हूं, मैं अमिताभ बच्चन साहब का भी चमचा हूं, क्योंकि मैं उन्हें एडमायर करता हूं। अगर वो प्रशंसा के लिए चमचा शब्द ही इस्तेमाल करते हैं, तो आइ एम पर्फेक्टली ऑल राइट विद दिस।”
“इट इज़ पर्फेक्टली ऑल-राइट, क्योंकि एक लंबे अर्से के बाद हमें एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिसने मेरे अंदर देश के लिए जज़बात जगाए हैं। वो एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनके करियर का ग्राफ एक संयोग मात्र नहीं है और वो किसी विरासत के तहत राजनीति में नहीं आए हैं।”
अगली स्लाइड में पढ़ें अनुपम खेर ने और क्या कहा
Latest India News