1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नरेंद्र मोदी से मिले Apple CEO टिम कुक, मोदी App लांच

नरेंद्र मोदी से मिले Apple CEO टिम कुक, मोदी App लांच

Apple के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और 'नरेंद्र मोदी मोबाइल एप' का नया संस्करण लांच किया।

narendra modi meets tim cook- India TV Hindi
narendra modi meets tim cook

नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए Apple के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और 'नरेंद्र मोदी मोबाइल एप' का नया संस्करण लांच किया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "धन्यवाद टिम कुक! आपके विचार एवं प्रयास हमेशा बेहतरीन रहे हैं।"

इस पर कुक ने जवाब दिया, "एक अच्छी मुलाकात के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। अगले भारत दौरे की प्रतीक्षा कर रहा हूं। एप के लिए शुभकामनाएं!"

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में एप की जानकारी देते हुए लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि टिम कुक ने 'नरेंद्र मोदी मोबाइल एप' का नया संस्करण लांच किया। कुक आपका धन्यवाद।"

टिम कुक को पसंद आई भारतीय संस्कृति

Apple ने गुरुवार को हैदराबाद में अपना एक नया कार्यालय शुरू किया। इस कार्यालय में मुख्यत: Apple के उत्पादों -iPhone, iPad, Mac और Apple वाच के लिए मैप डेवलप्मेंट पर काम होगा। इसमें 4,000 लोगों को रोजगार मिल सकता है। टिम कुक ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के साथ नानकरामगुडा के वेवरॉक परिसर में स्थित गुरूवार को इस कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया।

कुक ने कहा, "एप्पल दुनिया में सर्वश्रेष्ठ उत्पाद और सेवा पेश करना चाहता है। हम हैदराबाद में इस नए कार्यालय को खोलने को लेकर बेहद प्रसन्न हैं। यह कार्यालय मुख्यत: मैप विकास पर काम करेगा।"

भारत यात्रा पर आए टिम कुक ने भारत को एक बेमिसाल देश बताया है और कहा कि वह यहां के लोगों की जीवंतता से बेहद प्रभावित हैं और उन्होंने कुछ लोगों को जीवनभर का दोस्त बनाया है। कुक ने कहा कि वह हैदराबाद शहर की अनौपचारिकता को पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे यहां की संस्कृति अच्छी लगी और मैंने काफी कुछ सीखा है।"

Latest India News