नई दिल्ली: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अर्चना रामासुंदरम को सीबीआई से हटाकर राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो एनसीआरबी का निदेशक नियुक्त किया गया है।
तमिलनाडु संवर्ग की 1980 बैच की आईपीएस अधिकारी रामासुंदरम को पिछले साल फरवरी में विवादों के बीच सीबीआई में विशेष निदेशक नियुक्त किया गया था। उन्हें उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर कोई जिम्मा नहीं सौंपा गया । शीर्ष अदालत उनकी नियुक्ति को चुनौती देने वाली एक रिट याचिका पर सुनवाई कर रही है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि नियुक्ति से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति एसीसी ने रामासुंदरम की सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक पद से केंद्र में महानिदेशक या समतुल्य पद पर ले जाने तथा सीबीआई में उनके कार्यकाल को बीच में खत्म करने को मंजूरी प्रदान की।
बयान में कहा गया है कि एसीसी ने रामासुंदरम की एनसीआरबी निदेशक के रूप में नियुक्ति इस पद को महानिदेशक के स्तर तक उन्नत कर की है। उनकी नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण की तारीख से दो साल तक या 30 सितंबर, 2017 तक यानी उनकी सेवानिवृति तक के लिए होगी।
Latest India News