नई दिल्ली: उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों में मुठभेड़ शुरू हुई। मुठभेड़ के दौरान घर में छिपे आतंकियों के खत्मे के लिए सुरक्षा बलों ने घर को बम से उड़ा दिया।
बता दें कि शुक्रवार सुबह सेना को बारामुला के एक घर में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने कोटचीपोरा गांव में गुरुवार रात को तांगमार्ग क्षेत्र में गांव को चारों ओर से घेर लिया था।
लेकिन जैसे ही सुरक्षाबल शुक्रवार सुबह जिस घर में आतंकवाद छिपे हुए थे, के नजदीक पहुंचे आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। दोनों ओर से सुबह साढ़े छह बजे गोलीबारी शुरू हुई जिसमें सेना के दो जवान घायल हो गए जिसके कुछ देर बाद जवानों ने घर में ब्लास्ट कर दिया।
इससे पहले सेना ने कश्मीर के नौगाम में नियंत्रण रेखा पर आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए गुरुवार को तीन आतंकियों को मार गिराया था। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घनी झाड़ियों के बीच मुठभेड़ अब भी जारी है क्योंकि वहां तैनात जवानों ने 5-6 घुसपैठियों को देखा है।
अधिकारी ने बताया कि 35 राष्ट्रीय राइफलस के जवानों ने गुरुवार सुबह नौगाम क्षेत्र में टूट मारी गली के निकट पाक अधिकृत कश्मीर से घुसपैठ की कोशिश कर रहे 5-6 आतंकवादियों को रोकने का प्रयास किया जिस पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारी ने बताया कि अब तक तीन आतंकवादी मारे गए हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया कि शेष आतंकवादियों पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है।
Latest India News