नई दिल्ली: भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यकर्ताओं ने बीते दिन आईटीओ पर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केजरीवाल 400 करोड़ रूपए के पानी के टैंकर घोटाले में फंसे हुए हैं और इसलिए भ्रष्ट अधिकारियों का बचाव कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दिल्ली सचिवालय की तरफ मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने पानी की बौछार कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और तितर-बितर कर दिया।
इसके बाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय और पार्टी सांसद रमेश बिधुड़ी सहित अन्य प्रदर्शनकारी सड़क पर धरना पर बैठ गए। उन्हें आईपी एस्टेट पुलिस थाने ले जाया गया, लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया। उपाध्याय ने एक बयान में कहा, मुख्यमंत्री ने टैंकर घोटाले के मामले को 11 महीने तक दबाए रखा। उनकी सरकार ने टैंकर माफिया को बढ़ा-चढ़ाकर भुगतान किया और लाभ साझा किए। इस बीच, विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने पंजाब में धार्मिक भावनाएं भड़काने को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
दिल्ली कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने एक बयान में कहा, आप विधानसभा चुनाव के मद्देनजर धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश कर रही है, जिसके खतरनाक नतीजे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस आप नेता आशीष खेतान की उस कथित टिप्पणी की निंदा करती है जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी के युवा घोषणा-पत्र की तुलना पवित्र गुरू ग्रंथ साहिब से की। पार्टी ने यह मांग भी की कि मुख्यमंत्री केजरीवाल खेतान को दिल्ली डायलॉग कमीशन से हटाएं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष उपाध्याय ने कहा कि खेतान और नरेश यादव से जुड़ी घटनाएं दिखाती हैं कि राजनीतिक फायदे के लिए आप और केजरीवाल कितना नीचे गिर सकते हैं।
गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल के प्रधान सचिव निलंबित
भ्रष्टाचार के एक मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार को सरकार ने बीती रात निलंबित कर दिया। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि कुमार को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और एक दिन बाद शहर की एक अदालत ने उन्हें पांच दिन की सीबीआई की हिरासत में भेज दिया, उन्हें संबंधित प्राधिकार द्वारा निलंबित किया गया। अधिकारी ने कहा कि किसी भी मामले में गिरफ्तारी के 48 घंटे बाद कोई भी सरकारी कर्मी स्वत: ही निलंबित माना जाता है।
Latest India News