1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. MCD प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में आए केजरीवाल

MCD प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में आए केजरीवाल

बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे MCD कर्मचारियों की मांग का समर्थन करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह उच्च न्यायालय में मामले की सुनवाई के बाद कुछ हल जरूर निकलकर आएगा।

arvind kejriwal- India TV Hindi
arvind kejriwal

नई दिल्ली: बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे MCD कर्मचारियों की मांग का समर्थन करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह उच्च न्यायालय में मामले की सुनवाई के बाद कुछ हल जरूर निकलकर आएगा।

प्राकृतिक चिकित्सा करवाने के लिए बंगलूरू में मौजूद केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, मैं प्रदर्शन कर रहे एमसीडी कर्मचारियों की मांग का समर्थन करता हूं कि उन्हें उनका पूरा वेतन मिलना चाहिए। मैं उम्मीद करता हूं कि मंगलवार को उच्च न्यायालय में मामले की सुनवाई के बाद कुछ हल निकलकर आए।

केजरीवाल ने राज्य के लोकनिर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों की भी तारीफ की कि उन्होंने कचरा साफ करने के लिए पूरी रात काम किया। इसके साथ ही केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के अधिकारियों से अपील की कि वे विभाग के कर्मचारियों की मदद करें।

केजरीवाल ने पीडब्ल्यूडी को जुटे रहने की अपील करते हुए कहा, मुझे बताया गया है कि पीडब्ल्यूडी के लोगों और ट्रकों ने कचरा साफ करने के लिए रात भर काम किया। मैं आप के सभी स्वयंसेवियों से अपील करूंगा कि वे पीडब्ल्यूडी की मदद करें।

नागरिक निकाय से जुड़े लगभग 60 हजार सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहने के कारण सरकार ने कल शहर से कचरा उठाने के लिए पीडब्ल्यूडी के सैंकड़ों कर्मचारियों को तैनात किया था। एमसीडी के कर्मचारी वेतन के लंबित भुगतान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे पर आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। तीन नगर निगमों की कमान भाजपा के हाथ में है।

सफाईकर्मियों ने 27 जनवरी को हड़ताल शुरू की थी। इन की मांग है कि वेतन समय पर मिले और भत्तों का भुगतान किया जाए।

Latest India News