सिलचर: असम के सिलचर शहर में आक्रोशित भीड़ व पुलिस के बीच हुई एक झड़प में एक छात्र की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो नागरिक व पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने हालांकि दावा किया है कि हालात पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बुधवार देर शाम घटी इस घटना के बाद शहर के अंदर और आसपास तनाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
घटना उस वक्त की है, जब दो समूहों के बीच एक विवादित भूखंड को लेकर झगड़ा हो रहा था।
काछाड़ के पुलिस अधीक्षक राजवीर सिंह ने बताया, "पुलिस को सूचना मिली थी कि दो समूहों के बीच एक भूखंड को लेकर झगड़ा-फसाद हो रहा है, जिसके बाद एक पुलिस टीम मामले को निपटाने वहां गई। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर हमला किया।"
उन्होंने कहा, "पुलिस ने हालांकि शुरुआत में स्थिति पर काबू पा लिया था। बाद में बड़ी संख्या में लोग आए और व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग नं. छह को अवरुद्ध कर दिया, जो सिलचर व शिलांग को जोड़ता है। उन्होंने पुलिस टीम और राजमार्ग पर चल रहे वाहनों पर पत्थरबाजी की।"
पुलिस अधीक्षक ने कहा, "स्थिति हिंसक होने पर पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं। दुर्भाग्य से एक गोली 17 वर्षीया छात्र को लग गई, जो भीड़ का हिस्सा था।"
उन्होंने कहा, "स्थिति अब नियंत्रण में है और हालात को काबू में बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की नियुक्ति की गई है।"
Latest India News